दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के प्रभावी पालन को लेकर निर्वाचन आयोग की उड़नदस्ता टीम (एफएसटी) लगातार सघन जांच अभियान चला रही है। चार जुलाई से 19 जुलाई के बीच जिले के विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई में अब तक 85 लाख रुपये से अधिक की नगदी जब्त की जा चुकी है। सभी मामलों में निर्वाचन आयोग के अनुसार दस्तावेजों की जांच और वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।वाहनों की लगातार जांच जारी
उपचुनाव के मद्देनजर जिलेभर में प्रमुख मार्गों, अंतरराज्यीय सीमाओं और संवेदनशील क्षेत्रों में एफएसटी, स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) तथा पुलिस द्वारा लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। बिना वैध दस्तावेज बड़ी मात्रा में नकदी के परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आंकड़ों के अनुसार सबसे बड़ी कार्रवाई 16 जुलाई को हुई। इस दिन 21 लाख 19 हजार रुपये की नगदी जब्त करने सहित तीन अलग-अलग मामलों में कुल 37 लाख रुपये से अधिक की राशि पकड़ी गई। इससे पहले चार जुलाई को 19 लाख रुपये तथा 10 जुलाई को 15 लाख रुपये की नगदी जब्त की गई थी।इसके बाद 17 जुलाई को तीन अलग-अलग मामलों में लगभग 13 लाख रुपये की नगदी बरामद की गई, जबकि 19 जुलाई को एक अन्य कार्रवाई में 1.24 लाख रुपये जब्त किए गए। इन सभी मामलों में संबंधित व्यक्तियों से नगदी के संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया और निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकोल के अनुसार कार्रवाई की गई। संबंधित टीम के अधिकारियों का कहना है कि विधानसभा उपचुनाव के दौरान धनबल के संभावित दुरुपयोग को रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
जिले के प्रमुख मार्गों, चेक पोस्टों और संवेदनशील क्षेत्रों में एफएसटी एवं अन्य निगरानी दल 24 घंटे सक्रिय हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की है कि बड़ी राशि का परिवहन करते समय उससे संबंधित वैध दस्तावेज साथ रखें, ताकि जांच के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।










































