टीम इंडिया एशिया कप जीतकर टी20 विश्व कप से पहले अपना मनोबल बढ़ाने के लिए यहां पहुंची थी पर उसे करारा झटका लगा है। एशिया कप से बाहर होने के बाद अब टीम को विश्व कप के लिए अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा। एशिया कप में अब भारतीय टीम की आंखिरी उम्मीद अन्य टीमों के परिणामों पर निर्भर करेगी।
भारतीय टीम ने जब अंतिम बार एशिया कप खेला था तो टीम के कप्तान रोहित शर्मा ही थे पर इस बार रोहित के हाथ से गेंद निकल गयी है। अब अगर टीम को फाइनल खेलना है तो उसे उम्मीद करनी होगी कि अफगानिस्तान की टीम पाकिस्तान को हराए, भारत अफगानिस्तान को हराए और श्रीलंका पाकिस्तान को हराए। यह इतना आसान नहीं है। इसके बाद भी भारतीय टीम का फाइनल खेलना रन रेट पर निर्भर करेगा।
एशिया कप 2022 के सुपर 4 के 3 मैचों के बाद भारत तीसरे पायदान पर है। भारत और श्रीलंका ने दो मुकाबले खेल लिए हैं, जबकि अफगानिस्तान और पाकिस्तान ने अभी एक-एक मैच खेला है। पाकिस्तान की अफगानिस्तान पर जीत के साथ ही भारत की बची हुई उम्मीदें भी समाप्त हो जाएंगी।










































