पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी क्षेत्र के युवाओं में बेरोजगारी भ्रष्टाचार महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में यूथ कॉमरेड के तत्वावधान में ग्राम पंचायत बकेरा से एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय युवाओं ने हिस्सा लिया और व्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। ग्राम पंचायत बकेरा से शुरू हुई यह बाइक रैली वारासिवनी ,रामपायली मुख्य मार्ग से होते हुए रामपायली पहुंची। इसके बाद रैली मोहगांव खुर्द, गर्रा सहित क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करते हुए वारासिवनी के कॉलेज चौक पहुंची। पूरे मार्ग में युवाओं ने राष्ट्र शक्ति और युवा शक्ति के नारों के साथ अपनी मांगों और समाज की प्रमुख समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की। कॉलेज चौक पर पहुंचने के बाद इस बाइक रैली को पैदल मार्च में तब्दील कर दिया गया। युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पैदल रैली निकाली यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक जय स्तंभ चौक पहुंची जहां एक सभा के रूप में रैली का समापन किया गया। समापन स्थल पर युवाओं ने एकत्रित होकर वर्तमान प्रशासनिक और सामाजिक व्यवस्था के खिलाफ अपना तीव्र आक्रोश व्यक्त कर शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में वृद्धि करने सरकारी पदों को तुरंत भरने, शासकीय विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और घूसखोरी को समाप्त करने, किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिले और कर्ज व प्राकृतिक आपदाओं से घिरे अन्नदाता को राहत देने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और आवश्यक खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर तुरंत नियंत्रण लगाने, पेपर लीक जैसी समस्याओं से प्रभावित हो रहे मेहनती छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित कर, महिलाओं और बेटियों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर रोक लगाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से सख्त से सख्त सजा का प्रावधान किया जाने, समाज में जाति के आधार पर होने वाले भेदभाव को खत्म कर सभी नागरिकों को समान अधिकार दिए जाने मांग की गयी। युवाओं ने रैली के अंत में संगठित समाज सशक्त देश का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
0000000000000000000000










































