वारासिवनी। रामपायली थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम गर्राबोड़ी में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई। जब मुरझड़ रोड स्थित पट बर्रा मैदान की झाड़ियों में एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान तरूण लिल्हारे 23 वर्ष के रूप में हुई है जो खैरलांजी का निवासी था। घटनास्थल के हालात और शरीर पर मौजूद चोट के निशान प्रथम दृष्टया हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
शादी में जाने का कहकर निकला था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार तरुण लिल्हारे पिता टोपसिंह लिल्हारे खैरलांजी में वेल्डिंग की दुकान चलाता था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम को वह हमेशा की तरह दुकान बढ़ाकर घर आया था। रात करीब 10 बजे उसने घर पर किसी शादी समारोह में जाने की बात कही और अपनी बाइक लेकर निकल गया। जब वह सुबह तक वापस नहीं लौटा तो परिजन चिंतित थे इसी बीच उन्हें गर्राबोड़ी के पास शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई।
अर्धनग्न अवस्था में मिला शव, ऊपर गिरी थी बाइक
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक अज्ञात शव देखा जिसकी सूचना तुरंत रामपायली पुलिस और डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मुआयना किया तो परिस्थितियां काफी संदिग्ध पाई गईं युवक का शव निर्वस्त्र पाया गया। मृतक की बाइक उसके शव के ऊपर ही गिरी हुई थी जिससे इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश प्रतीत हो रही है। मृतक के शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान मिले हैं जिससे आशंका है कि उसे बेरहमी से पीटा गया है।
एफएसएल और पुलिस ने की जांच
घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए एफएसएल टीम बालाघाट को भी बुलाया गया जिसने बारीकी से साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय सूत्रों और क्षेत्र में चर्चा है कि मृतक का किसी युवती के साथ प्रेम संबंध था और वह रात में उसी से मिलने के लिए निकला था। हालांकि पुलिस ने अभी इस प्रेम प्रसंग वाले एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान मैदान की झाड़ियों में लाकर फेंक दिया गया।रामपायली पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से खैरलांजी और रामपायली क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष और भय का माहौल है।
पुलिस अभी मृत्यु का कारण ज्ञात कर रही है – अभिषेक चौधरी
एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि 6 मई को सूचना मिली कि ग्राम मुरझड से चिखला येरवाटोला के मध्य में एक मोटरसाइकिल के साथ शव बरामद हुआ है। रामपायली थाने की टीम यहां पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी यह 23 वर्षीय तरुण लिल्हारे खैरलांजी का रहने वाला वेल्डिंग की दुकान चलाता है। इसमें देहाती मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया है करण का पता लगाने के लिए डॉक्टर की पैनल के माध्यम से यह पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। जो एफएसएल के द्वारा जांच की गई है वह विवेचना का विषय है परिजनों ने बताया कि रात में यहां शादी विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल पाएगा। सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रहे हैं।










































