‘दोस्तों, गरीब होना पाप है… लेकिन सिर्फ 6 महीने में मैं अपनी किस्मत बदल सकता हूं तो मुझे पूरा भरोसा है कि आप भी बदल सकते हैं।’ TVF की नई वेब सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ का ट्रेलर इसी एक डायलॉग से शुरू होता है। शेखर सुमन का किरदार पैसों की तंगी झेल रहे देश के करोड़ों युवाओं में वही जोश भरता है, जो हम आए दिन सोशल मीडिया पर देखते रहते हैं। नेटवर्क मार्केटिंग, सुनने में यह दो शब्दों का मेल भले ही अंग्रेजी वाला फील गुड फैक्टर लाता है, इसकी स्कीम क्या है- ‘बस, अपने नीचे तीन-चार लोगों को जोड़ना है!’ मुफलिसी में जी रहे लोगों को लखपति-करोड़पति बनाने का यह एक ऐसा सपना है, जिसे सूट-पैंट पहनकर आज भी खूब बेचा जाता है। परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी, शेखर सुमन स्टारर यह वेब सीरीज स्कीम के नाम पर इस भयंकर ‘स्कैम’ की पोल खोलती है। शुक्रवार को रिलीज हुआ करीब 3 मिनट का ट्रेलर मजेदार है और यह सीरीज की रिलीज के लिए उत्सकुता बढ़ाता है।
‘द पिरामिड स्कीम’ को TVF ने प्रोड्यूस किया है। द वायरल फीवर वही बैनर है, जिसने हमें ‘पंचायत’ से लेकर ‘गुल्लक’, ‘कोटा फैक्ट्री’, ‘ग्राम चिकित्सालय’ और ‘अस्पिरेंट्स’ जैसे बेहतरीन शोज दिए हैं। अब यह नई पेशकश ‘द पिरामिड स्कीम’ है, जिसके क्रिएटर और डायरेक्टर श्रेयांश पांडे हैं। आशीष आर शुक्ला ने इसे को-डायरेक्ट किया है, जबकि कहानी अक्षेंद्र मिश्रा ने लिखी है।










































