पदमेश न्यूज़,बालाघाट। रविवार को जिले के 8 परीक्षा केन्द्रो में दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक नीट परीक्षा का आयोजन किया गया। इन परीक्षा केन्द्रो में 3028 परीक्षार्थी एनरोल्ड थे। सभी परीक्षार्थी, परीक्षा के 3 घंटे पहले, प्रातः 11 बजे, अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। जहां उनकी कड़ी जांच के बाद ही, उन्हें प्रवेश दिया गया।3 मई की दोपहर आयोजित इस परीक्षा में निर्देश के तहत परीक्षार्थी, साधारण कपड़े और पैरों में कम हील की चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र पहुंचे थे। उन्हें अपने साथ केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की ही इजाजत मिली।सबसे ध्यान देने वाली जानकारी यह थी कि परीक्षार्थी के लिए केन्द्र में स्टेशनरी सामग्री से लेकर इलेक्ट्रानिक और संचार सामग्री को प्रतिबंधित किया गया था।
इन परीक्षा केन्द्रो में हुई परीक्षा
जिले में कल आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केन्द्रो में सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय बालाघाट में (600), शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बूढी में (220), कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय में (240), शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में (480), शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में (240), शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में (480), पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय भरवेली में (288) तथा जटाशंकर त्रिवेदी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में (480) परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी
परीक्षा के पूर्व परीक्षार्थियों की गहन जांच
रविवार को जिले के 8 परीक्षा केदो में आयोजित नीट की परीक्षा के पूर्व परीक्षार्थियों की गहन जांच पड़ताल की गई। इस दौरान परीक्षार्थियो की परीक्षा केन्द्र में स्टेशनरी सामग्री पेपर, कंपास बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, स्केल, पेनड्राइव, राइटिंग पैड, लॉग टेबल, इलेक्ट्रॉनिक पेन तथा संचार उपकरण मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर सहित अन्य संचार साधनों की बारिकी से जांच की गई। इसके अलावा परीक्षार्थियों के वॉलेट, गॉगल्स, हैंडबैग, बेल्ट, घड़ी, ब्रेसलेट, कैमरा, धातु के आभूषण और खाद्य सामग्री लाने तक की जांच की गई।
परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न- राहुल नायक
आयोजित परीक्षा को लेकर दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान संयुक्त कलेक्टर राहुल नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 03 मई को नीट प्रवेश परीक्षा का आयोजन 08 परीक्षा केन्द्रों पर किया गया था। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई है। जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण रही।










































