पदमेश न्यूज़, बालाघाट। नगर के सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड पॉलीटेक्निक कालेज गर्रा बालाघाट के संरक्षण एवं अनुकरणीय सहयोग से 10 मई रविवार को जिले में पहली अंतराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।स्व. नागेश्वरराम यादव व समाजसेवी स्व. राजकुमार खंडेलवाल की पुण्य स्मृति को चिरस्थायी बनाने एन आर मेमोरियल रैपिड रेटिंग एकदिवसीय अंतराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में जिले सहित प्रदेश व देश, विदेश के करीब 150 प्रतिभागीयों ने शामिल होकर अपने बौद्धिक प्रतिभा का जौहर दिखाया।इस संबंध में टूर्नामेंट के डायरेक्टर कार्तिक गिरी गोस्वामी व सतपुड़ा ग्रुप के डायरेक्टर अंशु जायसवाल ने बताया कि पहली बार जिले में इतनी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।इस प्रतियोगिता में 8-10 नेशनल व इंटर नेशनल ग्रेड मास्टर भी शामिल हुए है
देश के अलावा विदेशी प्रतिभागी भी हुए शामिल
बता दें कि जिले में शतरंज को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया। जिले में पहली बार इतने भव्य रूप में अंतर राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें मध्यप्रदेश के बालाघाट, भोपाल, जबलपुर, इन्दौर, रीवा, कटनी, छिंदवाड़ा, मंडला, सागर, ग्वालियर, उज्जैन, नरसिंहपुर, पन्ना सहित अन्य जिलों के खिलाडिय़ों के साथ पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली के अलावा विदेशी प्रतिभागी भी शामिल हुए। आयोजन समिति द्वारा खिलाडिय़ों के लिए शतरंज के करीब 80 बोर्ड लगाए गए थे। इसमें एक साथ एक सैकड़ा से अधिक प्रतिभागी अलग-अलग बोर्ड पर अपनी चाल चल रहे थे।
1 लाख से अधिक के इनाम, देर रात होंगा समापन
आयोजको द्वारा बताया गया कि यह आयोजन महज स्पर्धा नहीं बल्कि युवाओं में विश्लेषणात्मक चिंतन एवं धैर्य के गुणों का संवर्धन करने वाला बौद्धिक अनुष्ठान है। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक लाख रूपये प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों के अतिरिक्त, विभिन्न आयु वर्गों एवं रेटिंग श्रेणियों में उत्कृष्टता प्रदर्शित करने वाले प्रथम तीन विजेताओं को विशेष रूप से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का समापन रात में पुरस्कार वितरण के साथ किया जाएगा।










































