बालाघाट
शहीद शासकीय जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर के ठीक सामने स्थित कैंटीन के बाजू में बनी नाली इन दिनों गंभीर समस्या का कारण बन गई है। नाली की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से उसमें भारी मात्रा में मलबा और गंदगी जमा हो चुकी है। जिसके कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप गंदा और दूषित पानी ट्रामा सेंटर के सामने एवं अस्पताल परिसर में फैलता जा रहा है।स्थिति यह है कि नाली का पानी मुख्य मार्ग की नाली तक पहुंचने के बजाय परिसर में ही जमा हो रहा है। जिससे वहां से गुजरने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा अस्पताल कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रामा सेंटर जैसे संवेदनशील स्थान के सामने फैली इस गंदगी ने अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नाली मुख्य सड़क से जुड़ी हुई है। लेकिन लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी पूरी तरह रुक गई है। नाली में जमा सड़ा हुआ मलवा और गंदा पानी अब दुर्गंध फैलाने लगा है। लगातार फैल रही इस गंदगी से मच्छरों एवं संक्रमणजनित बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।हाल ही में हुई बारिश के बाद स्थिति और भी भयावह हो गई। बारिश का पानी परिसर में भर गया और निकासी नहीं होने के कारण पूरा क्षेत्र जलमग्न जैसा दिखाई देने लगा था। ट्रामा सेंटर के सामने फैले गंदे पानी ने अस्पताल आने वाले लोगों के लिए गंभीर असुविधा और स्वास्थ्य संकट उत्पन्न कर दिया है।सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस नाली की सफाई की जिम्मेदारी किस विभाग की है।यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ लोग इसे अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी बता रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह कार्य नगर पालिका के अंतर्गत आता है। जिम्मेदारी तय नहीं होने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नाली की सफाई कर जल निकासी सुचारु कराई जाए ताकि अस्पताल परिसर में फैल रही गंदगी और संभावित संक्रामक बीमारियों के खतरे को रोका जा सके।










































