रामपायली थाना अंतर्गत ग्राम पिपरिया में एक हृदय विदारक दुर्घटना सामने आई है। जहाँ ट्रैक्टर ट्रॉली पर लदे पैरे के ऊपर बैठे एक ३८ वर्षीय मजदूर की दचका लगने से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को उसी पुलिया पर रखकर करीब तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन किया जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरिया निवासी रोशन पगरवार ३८ वर्ष जो पेशे से मजदूर था। शनिवार को गांव के ही ओमप्रकाश माहुले के ट्रैक्टर पर मजदूरी करने गया था। ट्रैक्टर चालक ओमप्रकाश खेत से ट्रॉली में पैरा भरकर वापस लौट रहा था। रोशन इसी ऊंचे लदे हुए पैरे के ऊपर बैठा हुआ था। जैसे ही ट्रैक्टर गांव के पास स्थित पुलिया पर पहुँचा वहाँ बने ब्रेकर पर ट्रैक्टर को जोरदार झटका लगा। संतुलन बिगडऩे के कारण रोशन सीधे नीचे जा गिरा और पुलिया की दीवार से टकरा गया। इस टक्कर में उसे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल रोशन को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की तहरीर पर रामपायली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और पंचनामा कार्यवाही के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
शव गांव पहुँचते ही माहौल गमगीन और आक्रोशित हो गया। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को उसी पुलिया पर रख दिया जहाँ दुर्घटना हुई थी। परिजनों की मांग थी कि पीडित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। क्योंकि रोशन ही अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके पीछे उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है। करीब तीन घंटे तक चले इस धरना प्रदर्शन और चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची। अधिकारियों के द्वारा काफ ी देर तक परिजनों को समझाइश दी गई और नियमानुसार सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया गया। प्रशासन की समझाइश के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया और देर शाम मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
इनका कहना हैं
दूरभाष पर चर्चा में बताया की घटना की सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल वारासिवनी पहुंचे। जहां पोस्टमार्टम कर अन्य कार्यवाही करने के उपरांत इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच में शामिल तथ्यों के आधार पर आगे कार्यवाही की जायेगी।
देवेंद्र गौतम प्रधान आरक्षक थाना रामपायली










































