राहुल गांधी ने निभाया वादा, भाईदूज पर बड़वानी की प्रियंका सेंगर को दिल्ली बुलाकर कराया ऑपरेशन, ‘छात्रों की गूंज’ में किया था प्रॉमिस

0

Rahul Gandhi News: बड़वानी जिले की रहने वाली प्रियंका सेंगर के जीवन में बचपन के एक हादसे ने अंधेरा कर दिया था, लेकिन अब उनकी दुनिया बदल गई है। इंदौर में एक छात्र संवाद कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने इलाज की जिम्मेदारी ली।

बड़वानी: महज तीन साल की उम्र में एक दर्दनाक हादसे के दौरान प्रियंका सेंगर की आंख में चूना गिर जाने से उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी। परिवार ने अपनी तरफ से इलाज की हरसंभव कोशिश की, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते ऑपरेशन नहीं हो सका। तमाम मुश्किलों के बावजूद प्रियंका ने हार नहीं मानी और एक आंख से दुनिया देखते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी, लेकिन मन में रोशनी लौटने की उम्मीद हमेशा जिंदा रखी।

इंदौर के कार्यक्रम में बदली किस्मत का रुख

यह वाकया 19 सितंबर 2026 का है, जब इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। इसी सभा में प्रियंका सेंगर ने सरकारी छात्रावासों में सीटों की कमी, भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का मुद्दा उठाया। चर्चा के दौरान जब राहुल गांधी की नजर उनकी आंख पर पड़ी, तो उन्होंने रुककर इसका कारण पूछा। प्रियंका ने अपनी आपबीती सुनाई कि कैसे बचपन के हादसे और पैसे की कमी के कारण उनका इलाज अधूरा रह गया था। उसी मंच पर राहुल गांधी ने उनके इलाज का पूरा खर्च उठाने और जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया, जिसके कुछ ही दिनों बाद उनकी टीम ने परिवार से संपर्क कर लिया।

दिल्ली के अस्पताल में हुआ सफल ऑपरेशन

राहुल गांधी की टीम के बुलावे पर प्रियंका 27 सितंबर को दिल्ली पहुंच गईं। उनके साथ पिता उदय सिंह सेंगर और सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे भी लगातार साथ रहे। दिल्ली के इंदिरा गांधी आई हॉस्पिटल में दो दिनों तक जरूरी मेडिकल जांचें हुईं और 1 अक्टूबर को उनका सफल ऑपरेशन किया गया। इस पूरी यात्रा और चिकित्सा प्रक्रिया में कांग्रेस नेता पोरलाल खरते का भी पूरा सहयोग रहा। प्रियंका ने बताया कि अस्पताल के खर्च से लेकर आने-जाने के टिकट तक का सारा प्रबंध राहुल गांधी की ओर से किया गया, जिससे परिवार पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ा। ऑपरेशन के बाद अब उन्हें पहले से काफी बेहतर दिखाई दे रहा है और कुछ समय बाद आंख में लेंस भी प्रत्यारोपित किया जाएगा।

भाई दूज पर दिल्ली बुलाकर बंधाया ढांढस

इस मानवीय रिश्ते की एक और खूबसूरत तस्वीर 11 नवंबर 2026 को भाई दूज के दिन देखने को मिली। जब प्रियंका, उनके पिता और सरदार नरगावे को दिल्ली के इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय बुलाया गया, तो राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने सबसे पहले प्रियंका की तबीयत और आंख की स्थिति का हाल जाना और कहा, ‘किसी भी बात की चिंता मत करना, आपका भाई आपके साथ है।’

व्यक्तिगत मदद के साथ उठाए छात्रों के मुद्दे

इस मुलाकात के दौरान भी प्रियंका ने केवल अपनी व्यक्तिगत समस्या पर बात नहीं की, बल्कि छात्रों के व्यापक हितों से जुड़े मुद्दे जैसे छात्रवृत्ति, आवास राशि, भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक पर खुलकर चर्चा की। सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का मुद्दा रखा, जबकि पिता उदय सिंह सेंगर ने किसानों के सामने आ रही सिंचाई की दिक्कतों से अवगत कराया।

राहुल गांधी ने दिया दिलासा

राहुल गांधी ने आश्वस्त किया कि जैसे व्यक्तिगत समस्या का समाधान किया गया है, वैसे ही छात्रों और आम जनता के मुद्दों के लिए भी उनकी लड़ाई जारी रहेगी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बड़वानी के उनके गांव में खुशी का माहौल है और लोग गर्व महसूस कर रहे हैं कि उनकी बेटी ने बड़े मंच पर अपनी बात रखकर नया मुकाम हासिल किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here