पेरिस: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को उनकी पत्नी ब्रिगिट ने बीते साल कथित तौर पर थप्पड़ मार दिया था। ये तब हुआ, जब उन्होंने मैक्रों के फोन में अभिनेत्री गोल्शिफ्तेह फराहानी के साथ हुई चैट पढ़ी। इन संदेशों में ब्रिगिट को कुछ ऐसी बातें मिली, जिससे गुस्सा होकर उन्होंने मैक्रों पर हाथ उठा दिया। यह दावा फ्रांस में एक नई किताब में किया गया है। हालांकि फ्रांस की फर्स्ट लेडी ब्रिगिट मैक्रों ने इसे पूरी तरह खारिज किया है। किताब के दावों को इमानुएल मैक्रों ने भी नकार दिया है।
पत्रकार फ्लोरियन टार्डिफ की किताब ‘एन (ऑलमोस्ट) परफेक्ट कपल’ में दावा किया गया है कि फराहानी के साथ बातचीत की वजह से पिछले साल मई में हनोई में इस जोड़े के बीच तनाव हो गया था। ये दावे पिछले साल वायरल हुए एक वीडियो पर आधारित हैं, जिसमें यह जोड़ा एक विमान से बाहर निकलते दिखा था। वीडियो के एक हिस्से को कई लोगों ने ऐसे पेश किया कि मैक्रों की पत्नी ने धक्का देकर दूर किया है।










































