बालाघाट। किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रजेगांव के समीप बाघ नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून की दोपहर रजेगांव के कुछ लोग किसी काम से बाघ नदी की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने नदी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। मामले की सूचना तत्काल रजेगांव पुलिस चौकी को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी के पानी से बाहर निकलवाया। मौके पर मौजूद लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया गया।लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पाई।बताया जा रहा है कि मृतक मजदूर वर्ग का प्रतीत हो रहा है तथा उसके इसी क्षेत्र का निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है। उसने काले रंग की पैंट, लाइनिंग वाली शर्ट तथा गले में काला धागा पहन रखा था।पुलिस ने शव को किरनापुर अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखवा दिया है। वहीं मामले की जांच कर मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।









































