जिले में अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा 14–15 अप्रैल की दरम्यानी रात एक व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में 250 से अधिक पुलिस बल ने हिस्सा लिया और विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक फरार आरोपी एवं वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस अभियान में नगर पुलिस अधीक्षक सभी अनुभागीय अधिकारी (पुलिस) तथा थाना प्रभारी स्वयं मैदान में उतरे। पूरी रात चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर छिपे एवं लंबे समय से फरार अपराधियों की धरपकड़ की।
गंभीर मामलों के आरोपी पकड़े गए
अभियान के दौरान चोरी, मारपीट, अवैध वसूली, चाकूबाजी, महिला संबंधी अपराधों सहित अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी विभिन्न थानों में दर्ज प्रकरणों में लंबे समय से वांछित थे।कॉम्बिंग अभियान के तहत पुलिस ने 140 से अधिक निगरानीशुदा, गुंडा बदमाशों एवं लिस्टेड अपराधियों की भी गहन चेकिंग की। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए कई लोगों को सख्त चेतावनी दी गई।
कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
पुलिस का कहना है कि इस तरह के सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।ताकि जिले में सक्रिय अपराधियों, माफिया तत्वों और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।इस बड़ी कार्रवाई से जहां लंबित मामलों के जल्द निराकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है वहीं आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत हुई है। बालाघाट पुलिस की यह कार्रवाई जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।










































