पदमेश न्यूज़, बालाघाट। किरनापुर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बुढ़ी के रट्टा पायली गांव में वर्ष 2025 में 14वें वित्त की राशि से लगभग 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क अब विवादों में घिर गई है। निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही सड़क के कई हिस्सों के उखड़ने की शिकायत सामने आई है, जिसके बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही उन्होंने गुणवत्ता को लेकर पंचायत का ध्यान आकर्षित किया था, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज कर कार्य पूरा कर लिया गया। अब स्थिति यह है कि सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे आवागमन में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई और मानकों का पालन नहीं किया गया। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि शिकायत करने पर उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क की शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि सार्वजनिक धन से बने निर्माण कार्यों में इस प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, इस पूरे मामले में पंचायत सचिव सेवक राम लिलहारे ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण कार्य जुलाई 2025 में बरसात के दौरान शुरू किया गया था, जिससे कार्य में कुछ तकनीकी दिक्कतें आईं। उन्होंने कहा कि कहीं-कहीं सड़क को नुकसान पहुंचा है, जिसे जल्द ही सुधार लिया जाएगा। सचिव के अनुसार निर्माण कार्य गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए ही कराया गया था और भ्रष्टाचार के आरोप निराधार हैं।
फिलहाल इस मामले में जांच और सुधार कार्य को लेकर ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हुई हैं। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करता है।










































