Shafali Verma Statement And India vs Thailand Women’s Asia Cup Match: भारत-थाईलैंड महिला एशिया कप मैच में बेशक भारत को 94 रनों से शानदार जीत मिल गई लेकिन इस मैच में भारतीय बल्लेबाज विरोधी टीम की बॉलर्स के सामने एक समय बेहद बेबस नजर आईं। इसको लेकर टीम की युवा स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा है कि कमियों का आकलन करना होगा।Women’s Asia Cup 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने कहा कि थाईलैंड की कमजोर टीम के खिलाफ महिला एशिया कप के पहले मैच में 94 रन की आसान जीत के बावजूद टीम की बल्लेबाजी इकाई को टर्न लेती पिचों पर अपनी कमियों का आकलन करना होगा। शेफाली ने 36 गेंदों में 64 रन बनाकर भारत को अच्छी शुरुआत दी। उनकी पारी में आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे। लेकिन भारत के मध्य क्रम के बल्लेबाज नहीं चल पाए। एक विकेट पर 91 रन के बाद उसका स्कोर जल्द ही छह विकेट पर 127 रन हो गया और आखिर में उसने नौ विकेट पर 159 रन बनाए। थाईलैंड की टीम इसके जवाब में 65 रन पर आउट हो गई।
शेफाली ने मैच के बाद कहा, “हम इस पर गौर करेंगे कि बल्लेबाजी में हमसे कहां गलतियां हो रही हैं और हम कहां सुधार कर सकते हैं। आज का मैच खत्म हो गया है और हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। वापस जाने पर हम इस पर विचार विमर्श करेंगे कि हम क्या सुधार कर सकते हैं और टीम के लिए और क्या योगदान दे सकते हैं।”
हरमनप्रीत कौर (05 रन), भारती फुलमाली (14 गेंदों पर 13 रन), ऋचा घोष (00) और दीप्ति शर्मा (05) ने थाईलैंड के अनुभवहीन गेंदबाजों के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन किया। शेफाली ने कहा कि भारत को पता था कि पिच से कुछ टर्न मिलेगा और पारी आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजों को बेहतर ढंग से तालमेल बिठाने की जरूरत होगी।उन्होंने कहा, “जैसा कि हम सभी जानते हैं कि यहां की पिच टर्न लेगी। हम यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं और हम इस पिच के बारे में जानते थे।” शेफाली ने कहा कि नई गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आ रही थी। उन्होंने कहा, “नई गेंद बल्ले पर बहुत अच्छी तरह से आ रही थी। गेंद पुरानी होने के बाद गेंद टर्न लेने लगती है।”
शेफाली ने कहा, “दो साल पहले विश्व कप के लिए हम यहां आए थे, इसलिए मुझे यहां की परिस्थितियों का पता है और मैं तैयार थी। स्वदेश में मैं इस तरह की पिच पर खेलने का अभ्यास कर रही थी।”
(भाषा इनपुट के साथ)










































