मुंबई इंडियंस के बैटिंग कोच कायरन पोलार्ड पर गिरी गाज, अंपायर को अपशब्द कहना भारी पड़ा

0

धर्मशाला: मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड को आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। मुंबई इंडियंस ने सीजन के 58वें मैच में धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स का मुकाबला किया था। इस मैच के दौरान गलती करने के लिए पोलार्ड पर जुर्माना लगाया गया है।

कायरन पोलार्ड पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, ‘मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कायरन पोलार्ड पर आईपीएल की खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने के लिए उनकी लागू मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।’

कायरन पोलार्ड की क्या गलती थी?

कायरन पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान चौथे अंपायर को अपशब्द कहे थे। बयान में कहा गया है- पोलार्ड को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो मैच के दौरान जोर से अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने से संबंधित है। यह घटना दूसरी पारी के 19वें ओवर में हुई, जब पोलार्ड ने चौथे अंपायर के प्रति अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

मुंबई को आखिरी ओवर में जीत मिली

पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने इस मुकाबले को आखिरी ओवर में जीता। पहले बैटिंग करते हुए पंजाब ने 200 रन बनाए थे। मुंबई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। विल जैक्स ने एक और तिलक वर्मा ने दो छक्के मारकर मैच को 2 गेंद रहते ही फिनिश कर दिया। 12 मैचों में मुंबई की यह चौथी जीत है। टीम के 8 पॉइंट हैं और वह टेबल में 9वें नंबर पर है। मुंबई पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर है। पंजाब लगातार 5 मैच हार चुका है और टीम के 12 मैच में 13 पॉइंट हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here