मुंबई इंडियंस से जीत का जश्न फीका, आखिर क्यों RCB के कोच पर लगा जुर्माना?

0

रायपुर: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार रात को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबाल खेला गया। इस मैच में ड्रामा केवल मैदान के अंदर खिलाड़ियों के बीच ही नहीं, बल्कि डगआउट में भी देखने को मिला। आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर को आईपीएल की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यह घटना मैच के 18वें ओवर (17.2 ओवर) के दौरान हुई, जब एंडी फ्लावर चौथे अंपायर के साथ काफी ज्यादा बहस करते और अपशब्दों का इस्तेमाल करते पाए गए।

एंडी फ्लावर पर क्यों हुई कार्रवाई?

आईपीएल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, एंडी फ्लावर ने आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन किया है, जो मैच के दौरान सुनाई देने वाली अभद्रता के उपयोग से संबंधित है। यह लेवल-1 का अपराध है। एंडी फ्लावर ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा लगाए गए जुर्माने को मान लिया है। मैच के नाजुक मोड़ पर कोच का यह व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है।

रायपुर में रोमांच, आखिरी गेंद पर मिली जीत

मैच की बात करें तो आरसीबी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों वे डिफेंडिंग चैंपियन हैं। 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी को आखिरी ओवर में 15 रनों की जरूरत थी। राज बावा के इस ओवर में वाइड, नो-बॉल और भुवनेश्वर कुमार के एक शानदार छक्के ने मैच का रुख बदल दिया। आखिरी गेंद पर रासिख सलाम ने दौड़कर दो रन पूरे किए और आरसीबी को दो विकेट से जीत दिला दी।

भुवनेश्वर और क्रुणाल रहे जीत के दो बड़े स्तंभ

36 वर्षीय स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार ने मैच की शुरुआत में ही मुंबई की कमर तोड़ दी थी। उन्होंने अपने पहले 12 गेंदों में ही 3 विकेट चटका दिए थे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा उनका आखिरी ओवर में छक्का जड़ना भी काम आया। वहीं नंबर 5 पर प्रमोट किए गए क्रुणाल ने 46 गेंदों में 73 रनों की आतिशी पारी खेली। उन्होंने 18वें ओवर में अल्लाह गजनफर को दो छक्के जड़कर आरसीबी की जीत की राह आसान की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here