घर में पार्थिव शरीर के दर्शन के दौरान पत्नी और मां की आंखें नम हो गईं। पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के बाद जब शोभा यादव सामने आईं, तो उन्होंने अश्रुधारा के बीच कहा कि उन्होंने जो वचन दिया है उसे पूरा करेंगी और रोएंगी नहीं।
उधमपुर में प्रशिक्षण के दौरान पैर फिसलने से हादसे का शिकार हुए भारतीय सेना के जवान पवन यादव का उनके पैतृक गांव पोलाय जागीर में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सोनकच्छ के पास स्थित इस गांव में गुरुवार शाम पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद माहौल भावुक हो उठा, लेकिन अंतिम विदाई के दौरान पवन की पत्नी शोभा यादव के हौसले और सैल्यूट ने हर किसी का ध्यान खींचा।
‘तुम मेरे हीरो हो, अपना वादा निभाऊंगी’
मंगलवार को पवन यादव के निधन की सूचना मिलने के बाद से ही पोलाय जागीर में शोक की लहर थी। गुरुवार दोपहर पार्थिव शरीर इंदौर एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से सेना के वाहन के जरिए देवास और नेवरी फाटा होते हुए शाम करीब साढ़े छह बजे गांव लाया गया। रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, जबकि बड़ी संख्या में युवा दोपहिया वाहनों पर काफिले के साथ चल रहे थे।
पत्नी का भावुक और अडिग संकल्प
घर में पार्थिव शरीर के दर्शन के दौरान पत्नी और मां की आंखें नम हो गईं। पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के बाद जब शोभा यादव सामने आईं, तो उन्होंने अश्रुधारा के बीच कहा कि उन्होंने जो वचन दिया है उसे पूरा करेंगी और रोएंगी नहीं। उन्होंने पवन को अपना हीरो बताते हुए कहा कि वह शान से विदाई देंगी और उनके नाम पर परिवार ने गौरव पाया है। अंत में उन्होंने पार्थिव शरीर को सैल्यूट कर अंतिम नमन किया। अंतिम संस्कार के दौरान पवन के बड़े बेटे हित यादव ने पिता को शहीद का दर्जा दिए जाने की बात कही और बड़े होकर उनकी तरह देश सेवा करने की इच्छा जताई।
रंगोली, स्लोगन और अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
अंतिम यात्रा निकलने से पहले पूरे गांव में सम्मान और संवेदना का अनोखा दृश्य दिखा। गांव की लड़कियों ने घरों के आंगन और बाहर आकर्षक रंगोलियां सजाईं तथा देशभक्ति और पवन से जुड़े संदेश लिखे। हर घर के बाहर से गुजरती अंतिम यात्रा पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाई गईं, जिसमें हजारों ग्रामीणों और युवाओं ने शिरकत की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पवन यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, स्थानीय विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज का नाम पवन यादव के नाम पर रखा जाएगा, गांव में स्मारक बनेगा और बच्चों की पढ़ाई का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शहीद का दर्जा, एक करोड़ रुपये की सहायता और पत्नी को नौकरी जैसे विषयों पर 29 नवंबर को सोनकच्छ में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान परिवार के साथ समन्वय कर उचित निर्णय लिया जाएगा।
प्रशिक्षण हादसे पर जांच
साथ कार्यरत एक जवान ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान पैर फिसलने के बाद पवन बेहोश हो गए थे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। उनके अनुसार, इस घटना को लेकर बोर्ड गठित होगा और जांच पूरी होने के बाद परिवार को जानकारी दी जाएगी। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के बीच कुछ लोगों ने जनप्रतिनिधियों को घेरकर विरोध और हंगामा करने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, समाज के वरिष्ठ नागरिकों ने हस्तक्षेप कर समझाइश दी और स्थिति को शांत कराया।








































