नई दिल्ली: ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026’ लंबी चर्चा के बाद लोकसभा से पास हो गया। स्पीकर ओम बिरला ने ध्वनि मति से इस बिल पर वोटिंग कराई और बुधवार को सदन से ये पारित हो गया। इससे पहले राहुल गांधी के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए बयान पर हंगामा थमता नहीं दिखा।
सत्ता पक्ष ने राहुल गांधी से उनके बयान का ऑर्डर दिखाने नहीं तो माफी की मांग उठाई। इसे लेकर लोकसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित हुई। इसके बाद 3 बजे जब सदन कार्यवाही शुरू हुई तो केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने चर्चा का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मुझे हैरत है कि नेता प्रतिपक्ष को बुनियादी संसदीय नियमों की जानकारी नहीं है।
राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का करारा जवाब
गृह मंत्री अमित शाह पर लगाए गए राहुल गांधी के आरोपों को लेकर जितेंद्र सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को यह पता होना चाहिए कि गोली चलाने का आदेश मंत्री नहीं, मजिस्ट्रेट देता है। हालांकि प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई ही नहीं गई थी, सिर्फ आंसू गैस के गोले दागे गए थे। जितेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी का बयान बेतुका है। उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई खुद को भी इडियट कहना चाहे, तो नहीं कह सकता।










































