वारासिवनी। नगर के वार्ड नंबर 8 चंदौरी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले राकेश सोनवाने के घर से उसकी पत्नी अनेश्वरी सोनवाने का शव बरामद हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे और एफएसएल टीम को जाँच के लिए तैनात किया गया है। घटना में महिला के मायके पक्ष के द्वारा अपने दामाद राकेश सोनवाने पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है हालांकि पुलिस के द्वारा मामले में बारीकी से जांच की जा रही है।
विवाह के 6 साल भी पूरे नहीं हुए थे, लगातार विवाद की थी जानकारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार लेंडेझरी निवासी अनेश्वरी का विवाह 12 दिसंबर 2020 को राकेश के साथ हुआ था। दंपति के दो छोटे पुत्र भी हैं। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से ही दोनों के बीच तालमेल की कमी थी और अक्सर मारपीट की नौबत आती थी। इस मामले को सुलझाने के लिए पूर्व में सामाजिक स्तर पर बैठक भी हुई थी लेकिन विवाद थमा नहीं। बीती रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था जिसमें राकेश के द्वारा अपनी पत्नी के साथ मारपीट की गई थी। राकेश ने सुबह अपने ससुराल वालों को उनकी बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना दी। जिस पर 8 मई की सुबह जब सूचना पाकर ससुराल पक्ष के लोग और पुलिस मौके पर पहुँचे तो दृश्य संदेहास्पद था। कमरे में टूटी हुई चूड़ियों के अवशेष बिखरे मिले जो पति-पत्नी के बीच हुए शारीरिक संघर्ष की ओर इशारा कर रहे हैं। मृतिका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस के पहुँचने से पहले ही पति ने शव को खिड़की से उतार लिया था जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। विवाह के 7 वर्ष के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत नवविवाहिता प्रकरण के कारण एसडीओपी अभिषेक चौधरी थाना प्रभारी पवन यादव और नायब तहसीलदार सुरेश उपाध्याय स्वयं मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों का गंभीर आरोप, मारकर लटकाया गया
अनेश्वरी के माता-पिता और भाई ने आरोप लगाया है कि राकेश ने पहले अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या की और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे खिड़की पर साड़ी के फंदे से लटका दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर पति राकेश सोनवाने को हिरासत में ले लिया है। शव को एफएसएल एवं पुलिस जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
जवाई ने हमारी बेटी को मारा है – पूरनलाल कोहरे
पूरनलाल कोहरे ने बताया कि मृतिका मेरी भतीजी है सुबह फोन करीब 7:00 बजे आया तबीयत खराब है। तो हमारे घर के लड़के ने यहां आकर देख तो मौत हो गई थी उन्होंने घर पर फोन किया तो हम सभी यहां पर आए। तब तक शव को नीचे उतर कर सुला दिया गया था फिर हमारे बाद पुलिस आई हम लोगों ने पूछे तो जवाई ने बताया कि नीचे सुला दिया। वर्ष 2020 में इनका विवाह हुआ था जवाई ने हमारी बेटी को मारा है लड़की को हर समय मारपीट करता रहता था। अभी फिर झगड़ा हुआ था यह लोग फांसी बता रहे हैं। लड़की कई बार हमें बताई की शारीरिक मानसिक प्रताड़ित करता है तो हमने उसके लिए गांव में पहले मीटिंग भी रखे थे। जवाई से तलाक भी मांगा गया परंतु वह देता नहीं है इनके दो बच्चे हैं हम यही चाहते हैं कि हमें न्याय मिले।
एक बार इनकी आपसी लड़ाई की बैठक में आया था – संजय बिसेन
सरपंच प्रतिनिधि संजय बिसेन में बताया की सुबह लड़की के चाचा ने फोन करके बताया कि हमारी भतीजी को जवाई ने मारपीट कर मार डाला है। तो हम यहां पर सभी आए फिर पुलिस आई और जवाई को थाने ले जा ली। एक बार इनकी आपसी लड़ाई हुई थी जिसमें बैठक रखी गई थी तो उसमें मेरा एक बार आना हुआ था। उस समय समझाया गया था फिर जवाई हमारे गांव में रहे कम करें अच्छे से रह रहे थे यह 1 साल पुरानी बात है और आज फिर यह हो गया है।
मामले में जांच चल रही है – अभिषेक चौधरी
एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि कटंगी रोड पर वार्ड नंबर 8 जनवरी में महिला अनेश्वरी और उसके पति राकेश सोनवाने इनकी शादी को करीब 6 वर्ष हो गए हैं। महिला का शव उसके कमरे में मिला है नवविवाहिता का यह मामला है जिसमें विवेचना की जा रही है। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा अभी घटना स्थल पर साक्ष्य जुटा रहे हैं और मामले में जांच चल रही है।










































