दोस्तों के साथ गया था नहाने झाडिय़ों में फंसा मिला शव
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के किनारे से होकर बहने वाली चंदन नदी में रविवार को डूबे ११ वर्षीय सूर्यांश देशमुख का शव सोमवार सुबह घटना स्थल से करीब २०० मीटर दूरी पर बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सूर्यांश पिता देवेंद्र देशमुख उम्र ११ वर्ष रविवार १९ जुलाई को अपने साथी बच्चों के साथ रोज़ की तरह खेल रहा था। इसी दौरान बच्चे साइकिल लेकर चंदन नदी की ओर चले गए और नदी में स्नान करने लगे। नहाते समय सूर्यांश अचानक गहरे पानी में गायब हो गया ,घबरायें साथी बच्चे बिना किसी को बताए चुपचाप अपने घर लौट आए। शाम करीब ५ बजे तक सूर्यांश के घर नही पहुँचने पर परिजनों ने साथ खेल रहे बच्चों से कड़ाई से पूछताछ की तब जाकर उन्होंने नदी में डूबने की बात स्वीकार की। परिजन तुरंत नदी तट पर पहुँचे जहाँ सूर्यांश की साइकिल तो मिल गई पर बालक का पता नहीं चला। पुलिस को तत्काल सूचना दी गई लेकिन रात में अंधेरा अधिक होने के कारण खोज अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह से परिजन और वार्डवासी पुन: नदी तट पर बालक की तलाश में जुटे। जहाँ उन्हें घटना स्थल से लगभग २०० मीटर दूर पानी की ऊपरी सतह पर घास में बालक का शव फं सा हुआ दिखाई दिया। तत्पश्चात उनके द्वारा पुलिस को सूचना दी गई जिन्होंने मौके पर पहुँचकर शव को बाहर निकाला और पंचनामा कार्यवाही के बाद सिविल अस्पताल के शव गृह में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर आगे की वैधानिक जाँच शुरू कर दी है। देवेंद्र देशमुख ने बताया कि सूर्यांश देशमुख मेरा लडक़ा है मैं घर से सुबह काम पर चला गया था तो मुझे करीब शाम ६.३० बजे घटना का पता चला। भैया ने बताया कि सूर्यांश नहीं है नदी से साइकिल लाये हैं सूर्यांश डूब गया घर में पता चला। यह चार से पांच बच्चे थे जो नदी गए थे इन्होंने आकर तुरंत नहीं बताया पूछने पर बताया कि सूर्यांश पानी में डूब गया है। हम सभी लोग नदी पर गए रात में ढूंढने के लिए टीम भी आई परंतु अंधेरा होने से वह नहीं उतरे। सुबह ही हम सभी लोग ढूंढने के लिए नदी में गए तो हमारे जवाई को घास में कुछ देखा और वहां जाकर देखें तो सूर्यांश था। नहाने वाली जगह से २०० मीटर की दूरी है हमने पुलिस को बताया और उसे बाहर निकाला यह जो साथ में बच्चे गए थे वह हमारे परिवार के ही हैं।
बाइट देवेंद्र देशमुख मृतक का पिता










































