मां अंजनी पुत्र सेवादल के ४ वर्ष पूर्ण होने पर किशन भगत और रूद्रकांत ठाकुर ने दी शानदार प्रस्तुती
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वीरांगना रानी अवंती बाई स्टेडियम में २८ अक्टूबर की शाम भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के अद्भुत संगम की गवाह बनी। मां अंजनी पुत्र सेवादल वारासिवनी के तत्वाधान में आयोजित संगीतमय कीर्तन एवं भव्य भजन संध्या कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। पानीपत की प्राचीन परंपरा के तहत नगर में श्री हनुमान जी महाराज के स्वरूप को विराजित किए जाने के सफ लतम ४ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यह कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल, बालाघाट सिवनी लोकसभा सांसद श्रीमती भारती पारधी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे, चोला धारणकर्ता दीपम शुक्ला एवं सेवादल के अध्यक्ष अमन पटेल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों तथा समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। सर्वप्रथम भगवान श्री हनुमान जी का भव्य दरबार सजाकर पूरे विधि विधान व मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की गई जिसके पश्चात सांस्कृतिक व धार्मिक प्रस्तुतियों का आगाज हुआ।
देश प्रसिद्ध भजन गायकों ने बांधा समां
देशभर में अपनी गायकी के लिए ख्याति प्राप्त भजन गायक रुद्रकांत ठाकुर एवं किशन भगत ने मंच पर आते ही अपने सुमधुर भजनों से समां बांध दिया। शुरुआत से ही दोनों कलाकारों ने बारी बारी से माता रानी, बाबा महाकाल, प्रभु श्री राम,हनुमान जी और राधा.कृष्ण के चरणों में अपनी संगीतमय अर्जी लगाई। भजन गायकों के द्वारा प्रस्तुत प्रमुख भजनो में लठ खोल के नाचो मेरी माँ, महाकाल की गुलामी मेरे काम आ गयी तथा मुझको तो राम राज्य ही चाहिये पर पूरा स्टेडियम तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। भजनों की धुन पर श्रद्धालु अपने स्थानों पर खड़े होकर हाथ उठाकर गाते और भक्ति रस में डूबते नजर आए।
युवाओं का उत्साह और भक्ति नृत्य
इस संपूर्ण आयोजन में सबसे खास और दर्शनीय पहलू युवाओं का अभूतपूर्व उत्साह रहा। युवाओं ने भजनों पर जमकर नृत्य किया और पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। आयोजन को देखकर स्पष्ट प्रतीत हो रहा था कि नगर में धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की एक नई बहार आ चुकी है। रात ८ बजे प्रारंभ हुआ यह भव्य कार्यक्रम देर रात्रि तक अनवरत चलता रहा। कार्यक्रम के अंतिम दौर में लगभग रात्रि १२ बजे वरुण देव की बूंदों के आगमन के साथ ही माहौल शांत हो गया। तत्पश्चात श्री हनुमान जी महाराज की महाआरती कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया और कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन ने ना केवल वारासिवनी नगर को भक्तिमय कर दिया बल्कि यह भी संदेश दिया कि यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा दी जाए तो धर्म और संस्कृति की जड़ें और अधिक मजबूत हो सकती हैं।
युवाओं को धर्म और सही मार्ग से जोडऩे का संकल्प
मां अंजनी पुत्र सेवादल के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बताया कि ४ वर्ष पूर्व नगर के युवाओं ने बालाघाट की तर्ज पर पानीपत की परंपरा अनुसार विजयादशमी यानि दशहरे पर हनुमान जी महाराज के स्वरूप की शोभायात्रा निकालने की शुरुआत की थी। समिति का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को गलत रास्तों व व्यसनों से दूर रखकर धर्म, संस्कृति और ईश्वर की भक्ति से जोडऩा है। समिति सदस्यों ने खुशी जताई कि इस पहल को युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है और क्षेत्र के सैकड़ों युवा इस सेवा दल से जुडक़र भक्ति भाव से सामाजिक व धार्मिक कार्यों में अपना योगदान दे रहे हैं।
वारासिवनी की ऊर्जा बहुत प्रभावकारी है-रामकिशोर कावरे
भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशोर कावरे ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। मैं पिछले वर्ष इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाया था परंतु इस वर्ष मुझे समय निकालकर उपस्थित होना पड़ा क्योंकि यहां की ऊर्जा बहुत प्रभावकारी हैं। यह ऐसा आयोजन है कि आना ही पड़ता है और आज कला का दिन है ऐसे ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए कार्यक्रम के आयोजन कमेटी एवं हमारे नेता को बधाई।
वारासिवनी में जो भी आयोजन होते है ऐतिहासिक है-भारती पारधी
सांसद भारती पारधी ने कहा कि एक माह पहले ही मुझे आमंत्रण मिला था चांदपुर के समय में यह देखकर बहुत खुश हूँ की आपने देखा होगा कि युवा भटकाव की तरफ जाते हैं। पर यह युवा धर्म से जुडक़र आगे बढ़ रहे यह जो युवा है चांदपुर में मंगलवार और शनिवार को भंडारा करवाते हैं। हमारी जो युवा पीढ़ी है उसे धर्म से जोडऩा चाहिए क्योंकि यह उनके और देश के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है। यह जो ऐतिहासिक आयोजन है इसकी सभी को शुभकामनाएं मैं अभी सीधी दिल्ली से आ रही हूं मुझे समय निकालकर यहां आना पड़ा।
मां अंजनी पुत्र सेवा दल ने पानीपत की यात्रा को दिया मूर्ति रूप -प्रदीप जायसवाल
पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने कहा कि ४ वर्षों में इस कार्यक्रम को युवाओं ने बहुत सजाया है। नवरात्रि में हमने माता का आशीर्वाद लिया फि र दशहरा मनाया यहां भव्य दशहरा आयोजित हुआ। जिसमें भगवान राम का हमने आशीर्वाद लिया और उसके बाद हम हनुमान जी को याद नहीं करेंगे तो यह पूजा अधूरी है। जिस प्रकार मां अंजनी पुत्र सेवा दल ने पानीपत की यात्रा को यहां पर मूर्ति रूप दिया है दशहरे में हम सभी के बीच हनुमान जी आते हैं। आज हम भजन गायक रुद्रकांत ठाकुर और किशन भगत के माध्यम से भगवान हनुमान जी ,भगवान राम और उज्जैन के बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाकर उनका आशीर्वाद हमें मिलेगा यह बहुत खुशी की बात है। हमारी युवा शक्ति सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है यह दुगनी खुशी की बात है। इस दौरान अमन पटेल, प्रबल जायसवाल,शिवम शर्मा,शुभम पटेल,सुमित मिश्रा, दिव्यांश बिसेन, शिरीष पारधी, चर्चित चौहान, कुलदीप पारधी, अमन पारधी, सौरभ चौधरी सहित अन्य सदस्यों का सरहनीय योगदान रहा।










































