40 हजार से नीचे हुए कोरोना केस, 24 घंटे में 260 की मौत

0

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का उतार-चढ़ाव जारी है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 34,973 नए केस सामने आए हैं जबकि 260 मरीजों की मौत हुई है। इस दौरान केरल में सबसे ज्यादा 26,200 नए मामले आए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र रहा, जहां कल से 4,912 मामले दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में कोरोना महामारी के कारण, लगातार दूसरे वर्ष गणेश चतुर्थी समारोह का फीका असर देखने को मिला। मुंबई में पुलिस ने 10 से 19 सितंबर के बीच चार से अधिक लोगों के इकट्ठा होने और जुलूस पर प्रतिबंध लगा दिया है। भक्तों को गणेश पंडालों में जाने के बजाय लाइव दर्शन में भाग लेने का निर्देश दिया गया है।

बंगाल की खाड़ी में मालाबार अभ्यास का दूसरा चरण 11 से 14 अक्टूबर को

नई दिल्ली : मालाबार अभ्यास का दूसरा चरण 11 से 14 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी में आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी चार क्वाड देशों भारत, अमेरिका, आस्ट्रेलिया और जापान की नौसेनाएं भाग लेंगी। इस बड़े अभ्यास का पहला चरण पश्चिमी प्रशांत महासागर में गुआम तट पर आयोजित किया गया था। इसको लेकर भारतीय नौसेना ने अभी कोई टिप्पणी नहीं की है।

फिल्म फाइनेंसर यूसुफ लकड़ावाला की जेल में मौत

मुंबई : बिल्डर एवं फिल्म फाइनेंसर यूसुफ लकड़ावाला का सेंट्रल मुंबई स्थित आर्थर रोड जेल में निधन हो गया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जमीन के एक सौदे से सामने आए मनी लांड्रिंग के एक मामले में मई में गिरफ्तार किया था। वर्तमान में न्यायिक हिरासत में बंद लकड़ावाला को जेजे अस्पताल में मृत लाया गया था। वह कैंसर से पीड़ित थे। ईडी ने पिछले महीने स्वास्थ्य आधार पर मांगी गई जमानत का विरोध किया था।

आंध्र प्रदेश में दंपती का रास्ता रोक लूटपाट, महिला से सामूहिक दुष्कर्म

गुंटूर : गुंटूर जिले में मेडिकोंडुरु बायपास के पास कुछ लोगों ने शादी समारोह में भाग लेकर मोटर बाइक से लौट रहे पति-पत्नी को रोक कर लूटपाट की। पति की पिटाई करने के बाद महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बुधवार रात 9ः30 बजे हुई घटना के बाद दोनों सट्टेनापल्ली थाना पहुंचे जहां से उन्हें मेडिकोंडुरु थाना भेज दिया गया। आधी रात को मामला दर्ज किया गया। गुंटूर सरकारी अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। घटना को लेकर राज्य में पुलिस की आलोचना हो रही है।

पवार ने उद्धव से मुलाकात कर सीएम राहत कोष के लिए चेक सौंपा

मुंबई : राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से उनके सरकारी आवास “वर्षा” पर मुलाकात की। करीब एक घंटे तक चली मुलाकात के दौरान पवार ने मुख्यमंत्री राहत कोष को रैयत शिक्षण संस्थान की ओर से 2.36 लाख रुपये का चेक सौंपा।

गढ़चिरौली आइईडी विस्फोट आरोपित को जेल से अस्पताल भेजने का आदेश

मुंबई : बांबे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को नक्सली निर्मला उप्पुगंटी को टर्मिनल कैंसर का इलाज कराने के लिए जेल से अस्पताल भेजने के लिए कहा है। महिला नक्सली 2019 के गढ़चिरौली आइईडी विस्फोट मामले की आरोपित है। जस्टिस एसएस शिंदे और जस्टिस एनजे जामदार ने राज्य जेल अधिकारियों को भायखला महिला जेल से 15 सितंबर तक अस्पताल भेजने का निर्देश दिया है।

मुंबई कांग्रेस ने सिनेमा हाल आदि खोलने का आग्रह किया

मुंबई : कांग्रेस की मुंबई इकाई ने बंदी के कारण सिनेमा हाल, मल्टीप्लेक्स, आडिटोरियम को रही आर्थिक क्षति को देखते हुए इन्हें खोले जाने की मांग की है। इसके साथ ही पार्टी ने राज्य सरकार से स्वीमिंग पूल को भी खोलने का भी आग्रह किया है ताकि पेशेवर तैराक टूर्नामेंट के लिए अभ्यास कर सकें।

ड्रग्स मामले में ईडी के सामने हाजिर हुए अभिनेता रवि तेजा

हैदराबाद : तेलुगू फिल्मों के अभिनेता रवि तेजा हैदराबाद में 2017 में पकड़े गए ड्रग्स रैकेट से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले की चल रही जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। ईडी ने तेजा और अन्य अभिनेताओं एवं निर्देशकों समेत टालीवुड की 10 हस्तियों को समन किया है।

सहकर्मी की हत्या के लिए महिला पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

मुंबई : 54 वर्षीय पुलिस नायक शिवाजी एम सनप की हत्या के लिए एक महिला कांस्टेबल और दो अन्य को गिरफ्तार किया गया है। पिछले महीने नवी मुंबई के पनवेल में हिट एंड रन घटना में पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी। पनवेल रेलवे स्टेशन के समीप एक नैनो कार ने 15 अगस्त की रात में पुलिसकर्मी को धक्का मार दिया था। उनकी पत्नी ने साजिश की आशंका जताई थी।

मुंबई में पांच करोड़ से ज्यादा की अंबेर्गिज के साथ दो गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने भांडुप से 5.91 करोड़ रुपये मूल्य की अंबेर्गिज या व्हेल वोमिट के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना पर अपराध शाखा की इकाई-सात के अधिकारियों ने जाल बिछाया और सुरेंद्र छोट्टो और योगेश चव्हाण को गिरफ्तार किया। दोनों बुधवार शाम ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर अंबेर्गिज बेचने आए थे। परफ्यूम बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली अंबेर्गिज की बिक्री कानून प्रतिबंधित है। विलुप्त होने के कगार तक पहुंच चुकी स्पर्म व्हेल प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here