IND W vs PAK W: पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप में 10 रन देकर 5 विकेट झटकने वाली अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा कि उन्हें बड़े मंच और दबाव वाले मैचों में खेलना सबसे ज्यादा पसंद है। दीप्ति के इस करिश्माई स्पेल की बदौलत भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से हराकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।
टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
दीप्ति का 5/10 का आंकड़ा महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। ओवरऑल टूर्नामेंट में यह तीसरा बेस्ट बॉलिंग फिगर है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड जैसी टीमों के खिलाफ दीप्ति का प्रदर्शन औसत रहा था, लेकिन पाकिस्तान के सामने उन्होंने क्लास दिखा दी। मैच के बाद दीप्ति ने कहा, “मुझे आईसीसी टूर्नामेंट और दबाव वाली परिस्थितियों में खेलना अच्छा लगता है। लगता है मैंने वहीं से शुरुआत की है जहां पिछला वर्ल्ड कप खत्म किया था। मैं सिर्फ अपनी प्रक्रिया पर फोकस करती हूं और प्लान को अच्छे से लागू करने की कोशिश करती हूं।” दीप्ति ने पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में भी भारत की खिताबी जीत में अहम रोल निभाया था।
पाकिस्तान के खिलाफ रणनीति रही सिंपल
पाकिस्तान के खिलाफ दीप्ति ने सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, नशरा संधू और तस्मिया रुबाब को पवेलियन भेजा। गेंदबाजी से पहले उन्होंने 9 गेंदों पर नाबाद 12 रन भी बनाए थे। अपनी कामयाबी का राज बताते हुए दीप्ति ने कहा, “मेरी रणनीति सिंपल थी। मुझे खुद पर भरोसा था कि मौका मिलने पर जिम्मेदारी लेनी है। विकेट थोड़ा टर्न कर रहा था। मैंने सही एरिया में बॉल डाली और नतीजा सबके सामने है।”










































