IPL Controversy: आईपीएल में नया विवाद, मुंबई इंडियंस पर क्या आरोप लगा, कोच को देनी पड़ी सफाई

0

IPL 2026 Controversy: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में एक नया विवाद खड़ा हो चुका है। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के दिलचस्प मुकाबले के दौरान कुछ ऐसा हो गया जिसकी वजह से मुंबई इंडियंस पर नियमों से छेड़छाड़ व गलत इस्तेमाल के आरोप लगने लगे हैं। दरअसल, इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने एक समय पर ‘कनकशन सबस्टिट्यूट’ (Concussion Substitute) नियम का इस्तेमाल किया जिसके बाद उन पर इस नियम का गलत इस्तेमाल करने के आरोप लगने शुरू हो गए। आइए जान लेते हैं क्या है पूरा मामला और क्या है कनकशन नियम।

क्यों मुंबई इंडियंस पर लगे आरोप, आखिर हुआ क्या था?

चेन्नई के खिलाफ मैच के दौरान जब चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी चल रही थी, तभी 17वें ओवर में एक नीचे की तरफ आते कैच को मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) ने लपक लिया। इस दौरान जब वो गिरे तो उनका कंधा जमीन से टकराया, बाद में रीप्ले में नजर आया कि कंधा टकराने के बाद सैंटनर का सिर भी जमीन से टकराया था। उसके बाद सैंटनर मेडिकल चेकअप और स्कैन कराने के लिए बाहर चले गए। उसके बाद वो दोबारा मैच में नहीं उतरे। जब मुंबई की बल्लेबाजी आई तो सैंटनर की जगह कनकशन सब्स्टिट्यूट बताकर शार्दुल ठाकुर को मैदान पर उतारा गया। उससे पहले मुंबई अपने इम्पैक्ट प्लेयर नियम का इस्तेमाल कर चुकी थी।

क्यों खड़ा हो गया विवाद और शुरू हुई बहस?

दरअसल, बहस ने तब तूल पकड़ लिया जब मिचेल सैंटनर पवेलियन में स्लिंग पहने नजर आए जो उनके कंधे की चोट के लिए था। कनकशन नियम सिर की चोट से संबंधित नियम है। यानी जब किसी खिलाड़ी को सिर पर चोट की आशंका होती है तो उसकी जगह दूसरे खिलाड़ी को उतारा जा सकता है, लेकिन सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई कि सैंटनर गिरे भी कंधे पर थे और उन्होंने स्लिंग भी कंधे की लिए बांधी, फिर कनकशन सब्सटिट्यूट नियम के तहत कैसे शार्दुल को मैदान पर बल्लेबाजी के लिए उतार दिया गया। आईपीएल नियमों में ये भी दर्ज है कि टीमों को मैच से पहले कनकशन सब्स्टिट्यूट के विकल्पों के नाम देने होते हैं, जैसे बल्लेबाज, गेंदबाज और ऑलराउंडर की भूमिकाएं पूरी करने के लिए विकल्प के तौर पर वैसा ही खिलाड़ी। अंतिम निर्णय का अधिकार मैच रेफरी के पास होता है, जो ये सुनिश्चित करता है कि उसी भूमिका का खिलाड़ी मैदान पर उतरे जैसा खिलाड़ी चोटिल हुआ था।

कोच महेला जयवर्धने ने मैच के बाद क्या सफाई दी?

मैच में मुंबई इंडियंस की हार के बाद जब कोच महेला जयवर्धने ने मीडिया से बातचीत की तो इस विवाद पर भी अपनी सफाई पेश की। उन्होंने कहा, “उसे (सैंटनर) पहले सिर और गर्दन पर चोट लगी। जाहिर है, कंधे पर भी लगी। उसने स्कैन कराया। वापस आने के बाद, उसे चक्कर आ रहा था। इसलिए, वो लेटा हुआ था। हां, कंधे के लिए बर्फ थी, लेकिन उसे लग रहा था कि वह स्थिर नहीं है। इसलिए, हम उसे स्कैन के लिए ले गए।”

जयवर्धने ने आगे कहा, “हमने (कनक्शन सब्स्टीट्यूट) अनुरोध किया। जाहिर है, यह मैच रेफरी और अंपायरों का विवेक है। उन्होंने शार्दुल को अनुमति दी। मिच (मिचेल सैंटनर) निराश होंगे कि उनकी बल्लेबाजी की बराबरी शार्दुल से की गई, लेकिन ऐसा ही है। उम्मीद है, ये बहुत बुरा नहीं है।”

मुंबई को मिली आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी हार

मुकाबले की बात करें तो इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन (नाबाद 101) की पारी के दम पर 6 विकेट खोकर 207 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी मुंबई की टीम सिर्फ 104 रनों पर ऑल-आउट हो गई। मुंबई की टीम 103 रन से हारी जो आईपीएल इतिहास में उनकी सबसे बड़ी हार साबित हुई, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के इतिहास की ये सबसे बड़ी जीत बन गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here