बालाघाट। रामपायली के गर्राबोड़ी के पास मुरझड़ मार्ग पर बुधवार को बाइक के पास मृत अवस्था मे मिले युवक तरुण पिता टोपसिंह लिल्हारे (23) की मौत के मामले में चौंकाने वाला राजफाश हुआ है।
मौत एक्सीडेंट से नहीं, बल्कि पीटकर की गई
पुलिस की छह विशेष टीम ने 24 घंटे भीतर तरुण की मौत की गुत्थी सुलझा ली है। तरुण की मौत एक्सीडेंट से नहीं, बल्कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई थी।
एक्सीडेंट दिखाने की हर संभव कोशिश
फिल्मी अंदाज में आरोपितों ने हत्या को एक्सीडेंट दिखाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन इस मामले में पुलिस ने कुल आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रेम प्रसंग के चलते की दिया गया अंदाज
आरोपितों में पांच मई को ब्याही उसकी प्रेमिका भी है। प्रेम प्रसंग के चलते हुई हत्या को छिपाने के लिए आरोपितों ने इसे रोड एक्सीडेंट का रूप देने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्य, शादी के वीडियो फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने हत्या के सच से पर्दा हटा दिया है।
शादी में हुई वीडियो रिकॉर्डिंग में नजर आया था तरुण
तरुण और एरवाटोला में रहने वाली युवती का पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिजन राजी नहीं हुए। इस बीच युवती के परिजनों ने फरवरी माह में युवती का विवाह तय कर दिया। पांच मई को युवती की लग्न थी।
लग्न के ही दिन शादी में पहुंचा था
लग्न के ही दिन तरुण प्रेमिका की शादी में पहुंचा था। उसकी मौत के बाद पुलिस ने जब विवाह के दौरान रिकॉर्ड किए गए वीडियो की पड़ताल की, तो वीडियो में तरुण की झलक दिखी। वीडियो में तरुण किनारे से पैदल जाता हुआ नजर आ रहा था। उसके सिर पर रोशनी पड़ने से उसकी पहचान हुई।
मेकअप रूम तक पहुंच गया था
तरुण प्रेमिका से मिलने मेकअप रूम तक पहुंच गया था। इतने में युवती के भाई वेदप्रकाश लिल्हारे ने उसे पकड़ लिया। वेदप्रकाश ने अपने भाई हरिप्रकाश लिल्हारे, योगेश वरकड़े, कमलकिशोर, राजा, मोहित, दिलीप को बुला लिया और स्टेज के पास तरुण की जमकर पिटाई की।
सड़क पर रगड़ते हुए दूर तक बाइक गई
बेदम पिटाई से तरुण की जान चली गई। इसके बाद आरोपितों ने उसे बाइक पर मृतावस्था में ही बैठाया और एक्सीडेंट साबित करने के लिए तरुण के पैर सड़क पर रगड़ते हुए दूर तक बाइक चलाई, ताकि पुलिस को लगे कि बाइक फिसलने से तरुण की मौत हुई है।
प्रेमिका ने काल कर बुलाया था, इसलिए बनी आरोपी
युवती का विवाह तय होने के बाद भी दोनों एक-दूसरे से निरंतर संपर्क में थे। प्रेमिका ने ही तरुण को व्हाट्सअप और इंस्टाग्राम पर वीडियो और वॉइस कॉल कर शादी की रात अपने घर बुलाया था। प्रेमिका की गिरफ्तारी का यही आधार बना। बताया गया कि प्रेमिका से शादी न होने के गम में तरुण ने सिर मुंडवा लिया था।










































