एक प्रेम कहानी जो न तो परफेक्ट है, न ही प्लान की हुई, बस थोड़ी सी असली है। जी हां, लक्ष्य लालवानी और अनन्या पांडे की रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ का ट्रेलर इसी एक नोट से साथ रिलीज किया गया है। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म बड़े पर्दे पर रोमांस की एक ताजा लहर लेकर आई है। कहना होगा कि करीब 3 मिनट के इस ट्रेलर में वह सबकुछ है, इस रोमांटिक फिल्म के लिए उत्सकुता बढ़ाती है। ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ और ‘किल’ फेम लक्ष्य के साथ अनन्या पांडे की जोड़ी में एक ताजगी है। कहानी में प्यार के साथ ट्रेजडी है, जो सिर्फ रूमानी एहसास नहीं, बल्कि इश्क के उस मुकाम को भी दिखाती है, जहां इंसान की गलतियां सबकुछ तहस-नहस कर देती हैं। ट्रेलर में हमें दो दिलों के बीच बेशुमार प्यार की झलक भी मिलती है और वक्त के साथ कभी ना थमने वाली आंसुओं की धारा भी। यह फिल्म इसी महीने रिलीज हो रही है। गाने पहले ही लोगों की जुबान पर चढ़ चुके हैं।
विवेक सोनी के डायरेक्शन में बनी ‘चांद मेरा दिल’ के ट्रेलर में जो एक बात सबसे पहले ध्यान खींचती है, वह है अनन्या पांडे और लक्ष्य के बीच की केमिस्ट्री। प्यार, तड़प और भावनाओं की कोमलता को दोनों सितारों ने पूरी ईमानदारी से निभाया है। हमें एक ऐसे रिश्ते की झलक मिलती है, जो सिर्फ रोमांस तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भावनात्मक टकराव और दोनों की खुद की पहचान की भी झलक है। ट्रेलर में एक जगह अनन्या पांडे का किरदार कहता है- प्यार तो बहुत है, लेकिन इज्जत उससे ज्यादा जरूरी है।










































