प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश के नागरिकों से 7 बड़ी अपील की। हैदराबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एक साल तक सोना खरीदने से बचने, तेल, खाद के उपयोग में कटौती और कंपनियों से एक बार फिर लॉकडाउन की तरह वर्क फ्रॉम होम कल्चर को बढ़ावा देने की सलाह दी। इसको लेकर जहां राजनीति की दुनिया में विपक्ष हमलावर है, वहीं दिग्गज एक्टर और अपनी बेबाकी के लिए मशहूर प्रकाश राज ने पीएम पर निशाना साधा है। उन्होंने X पर पोस्ट कर नरेंद्र मोदी सरकार के पुराने वादों और दावों की लिस्ट गिनाई, उनके पूरे न होने पर फजीहत की और केंद्र की BJP सरकार को ‘नाकाम’ बताया। एक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा कि मौजूदा सरकार ने अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है, यही सच है और इसे देश के लोगों को अच्छी तरह से समझ लेना चाहिए।
प्रकाश राज का यह पोस्ट ऐसे समय में आया है, जब उन्होंने इससे पहले BJP को ‘वॉशिंग मशीन’ पार्टी कहा है। वैसे प्रधानमंत्री के हालिया अपील पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी सराकर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश चलाना अब ‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’ के बस की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी नाकामी के बाद सारी जिम्मेदारी जनता के ऊपर थोप देते हैं।










































