युवती के चरित्र पर अभद्र टिप्पणी को लेकर पांढरवानी सरपंच के खिलाफ फूटा आक्रोशसकल हिंदू समाज ने थाना घेरा, घंटों चली गहमागहमी के बाद सरपंच अनीस खान पर मामला दर्ज

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय की ग्राम पंचायत पांढरवानी सरपंच अनीस खान के द्वारा गत दिवस एक विवाह समारोह में एक युवती के चरित्र पर लांछन लगाने, गाली-गलौज करने और हिंदू समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी करने का मामला १२ मई को बेहद गहमागहमी भरा रहा और इस घटना से आक्रोशित सर्व हिंदू समाज संगठन के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सर्वप्रथम पवार मंगल भवन में एक विशेष बैठक आयोजित की गई जहां पर बड़ी संख्या में सकल हिन्दु समाज के पदाधिकारी एवं युवती के परिजन उपस्थित रहे। जहां पर इस गंभीर विषय पर विचार विमर्श करने के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग रैली निकालकर थाने पहुंचे, जहां कार्यवाही नहीं होने के कारण कई घंटों तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

थाने में प्रदर्शन और आत्महत्या की चेतावनी

इस पूरे मामले में लालबर्रा थाने पहुंचे आक्रोशित लोगों के द्वारा सरपंच अनीस खान पर कठोर दंडात्मक कार्यवाही और उन्हें तत्काल थाने बुलाने की मांग पर अड़े नजर आये। वहीं स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब पीडि़ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि पुलिस प्रशासन एफआईआर दर्ज नहीं करता है, तो वह थाने में ही आत्महत्या कर लेगी। तब इस बढ़ते विवाद और जनसमूह के आक्रोश को देखते हुए वारासिवनी एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाया। पुलिस ने अंतत: शिकायतकर्ता विनोद ठाकरे की शिकायत पर सरपंच अनीस खान के विरूध्द बीएनएस की धारा २९६ बी, ३५१ (२) एवं ३५२ के तहत मामला पंजीबध्द किया गया है। वहीं पीडि़ता की शिकायत पर विवेचना कर अग्रिम कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।

क्या है पूरा घटनाक्रम

प्राप्त जानकारी के अनुसार १० मई को ग्राम पंढरापानी रानीकुठार में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम ग्राम पंचायत रानीकुठार के पूर्व सरपंच विनोद ठाकरे शामिल हुए थे और इसी बीच पांढरवानी सरपंच भी विवाह समारोह में पहुंचे, जहां उनका उपस्थितजनों के द्वारा स्वागत किया गया। तत्पश्चात चर्चा के दौरान पांढरवानी सरपंच अनीस खान के द्वारा लालबर्रा निवासी मुकेश उर्फ मुक्कू शर्मा के संबंध में एक १९ वर्षीय युवती के बारे में अत्यंत आपत्तिजनक और भ्रामक बातें कही गई, जिसका पूर्व सरपंच विनोद ठाकरे के द्वारा विरोध किया गया। जिससे मौके पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई और विवाद इतना बढ़ गया कि १२ मई को इस पूरे मामले में पूरे हिंदू समाज ने एकजुट होकर इस कृत्य की निंदा की और कार्यवाही की मांग को लेकर लालबर्रा थाने का घेराव किया गया एवं कई घंटों तक सकल हिंदू समाज के विरोध प्रदर्शन के बाद सरपंच के विरूध्द प्राथमिकी रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here