भोजशाला प्रकरण में हाई कोर्ट के फैसले के बाद लालबर्रा में पुलिस रही हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। मध्यप्रदेश के बहुचर्चित ऐतिहासिक भोजशाला मंदिर एवं कमाल मौला मस्जिद विवाद पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के मद्देनजर पूरे प्रदेश सहित लालबर्रा क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। किसी भी संभावित अप्रिय घटना या दंगे-फसाद की स्थिति को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद नजर आया। वहीं हाई कोर्ट के फैसले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल लालबर्रा थाने में सुबह से ही तैनात किया गया। थाना परिसर, दो मस्जिद सहित नगर के मुख्य चौराहों और संवेदनशील इलाकों एवं मुस्लिम इलाकों में पुलिस ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य फैसले के बाद शांति व्यवस्था बनाये रखना और किसी भी प्रकार की अफवाहों को फैलने से रोकना था। वहीं शुक्रवार को जुमे की नमाज होने के कारण नगर मुख्यालय के लालबर्रा, अमोली मस्जिद सहित अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया गया। साथ ही एसडीओपी वारासिवनी एवं थाना प्रभारी भी मानीटरिंग करते नजर आये। वहीं आने-जाने वाले लोगों और गतिविधियों पर भी नजर बनाये रखी गई। वहीं सुबह से ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर गश्त करता रहा। जिसके चलते किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति की सूचना सामने नही आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here