न्यूयॉर्क: 5 बार की चैंपियन ब्राजील ने फीफा विश्व कप 2026 में अपना पहला मैच ड्रॉ खेला है। ग्रुप सी में ब्राजील का सामना मोरक्को से हुआ। यह रोमांचक मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। दोनों ही टीमों ने मुकाबले में शानदार खेल दिखाया और अंत तक जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार जूनियर पूरी तरह फिट नहीं होने की वजह से इस मैच में नहीं खेले। दोनों टीमों को ड्रॉ की वजह से एक-एक पॉइंट मिला है। मैच जीतने वाली टीम को तीन पॉइंट मिलते हैं।
मोरक्को ने पहला गोल दागा
ब्राजील को इस मैच में मोरक्को से कड़ी चुनौती मिली। मैच की शुरुआत से ही ब्राजील और मोरक्को ने आक्रामक खेल दिखाया। मैच के 21वें मिनट में मोरक्को के हाथ पहली सफलता लगी। ब्राहिम डियाज के शानदार थ्रू बॉल ने ब्राजील के डिफेंस को भेदने में अहम भूमिका निभाई। इस पास पर इस्माइल साइबारी तेजी से आगे बढ़े और उन्होंने गोलकीपर एलिसन को छकाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।










































