पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय के बालाघाट मार्ग स्थित लॉन में रविवार को अयोध्यावासी अवधिया समाज मंडल द्वारा कबीर प्रकट उत्सव बड़े ही धूमधाम और भव्य रूप से मनाया गया। गौरतलब है कि यह धार्मिक उत्सव वट सावित्री अमावस्या से प्रारंभ होकर कबीर जयंती की पूर्णिमा तक पूरी श्रध्दा के साथ मनाया जाता है, जिसका आज भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरूआत समाज के वरिष्ठजनों द्वारा दीप प्रज्वलित कर और सद्गुरू कबीर साहेब की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद गुरू महिमा बरसात पूर्णिमा पाठ का वाचन किया गया। इस अवसर पर सुबह भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रध्दालु कबीर साहेब के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समाज के वरिष्ठजनों ने अपनी अहम भूमिका निभाई। जिसमें गणेश प्रसाद, रामनाथ सोनी और किशोर गुप्ता जी के अथक प्रयासों से संपूर्ण समाज को एकत्रित किया गया। कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष प्रसन्न अवधिया जी के नेतृत्व में सभी सामाजिक बंधुओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। धार्मिक सभा में भजनों की अमृत वर्षा हुई, जिसमें माखन काका ने सुमधुर भजन गाकर पूरे कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनकी प्रस्तुति पर श्रध्दालु झूमने को मजबूर हो गये। वहीं, समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और अपनी सुंदर प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। भीषण गर्मी को देखते हुए समाज के युवाओं ने सेवा भाव का अनूठा उदाहरण पेश किया। बकोड़ा निवासी कार्तिक अवधिया और सुनील अवधिया ने सभी श्रध्दालुओं को शीतल जल पिलाकर अपनी सेवा प्रदान की, तो वहीं बंटी अवधिया ने चाय पिलाकर भक्तों की सेवा की। इस महोत्सव में बोरी और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से भी भारी संख्या में सामाजिक बंधु पधारे।










































