पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। जनपद पंचायत खैरलांजी में लंबे समय से चल रहे सियासी घटनाक्रम और कानूनी दांव पेंच के बाद आखिरकार नए कार्यवाहक अध्यक्ष का फैसला हो गया है। गुरुवार को कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच कार्यवाहक जनपद अध्यक्ष पद के लिए मतदान संपन्न हुआ। इस रोमांचक चुनावी मुकाबले में जनपद सदस्य खुशबू गिरीश बिसेन ने एक तरफा और शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी और जनपद सदस्य रीतू योगेश सुलाखिया को ६ मतों के भारी अंतर से पराजित कर कार्यवाहक अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया
इस महत्वपूर्ण निर्वाचन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन के द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया निर्वाचन रिटर्निंग अधिकारी कार्तिकेय जायसवाल एसडीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी गायत्री कुमार सारथी मुख्य कार्यपालक अधिकारी जनपद पंचायत खैरलांजी की प्रत्यक्ष देखरेख और कुशल मार्गदर्शन में सफलता पूर्वक संपन्न करवायी गई। दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान और मतगणना की हर प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी हुई।
चुनावी गणित २३ सदस्यों ने किया मतदान १ वोट हुआ निरस्त
आधिकाधिक जानकारी के मुताबिक खैरलांजी जनपद पंचायत में कुल २४ जनपद सदस्य क्षेत्र हैं। हालांकि क्षेत्र क्रमांक १९ के एक जनपद सदस्य का निर्वाचन न्यायालय के द्वारा पूर्व में ही निरस्त किया जा चुका है,जिसके कारण वर्तमान में प्रभावी सदस्यों की संख्या २३ थी। गुरुवार को हुई इस चुनावी प्रक्रिया में सर्वप्रथम अध्यक्ष पद के लिए खुशबू गिरीश बिसेन एवं रीतू योगेश सुलाखिया के द्वारा नामांकन दर्ज किया गया। जिसके बाद सभी २३ जनपद सदस्यों ने बढ़.चढक़र हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रिटर्निंग अधिकारियों के द्वारा की गई मतगणना के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो गई की खुशबू गिरीश बिसेन को कुल १४ मत एवं रीतू योगेश सुलाखिया को कुल ८ मत मिले चुनावी प्रक्रिया के दौरान १ मतपत्र अवैध पाया गया। इस प्रकार खुशबू बिसेन ने ६ मतों के स्पष्ट बहुमत के साथ जीत का परचम लहराया।
अध्यक्ष पद खाली होने का यह है कारण
गौरतलब है कि यह चुनाव पूर्व जनपद अध्यक्ष आशु गुनाराम बघेले को पद से हटाए जाने के कारण अनिवार्य हुआ था। आशु बघेले के महाराष्ट्र के जाति प्रमाण पत्र को लेकर कानूनी विवाद चल रहा था। इस मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए उनके जाति प्रमाण पत्र को अमान्य कर उनके जनपद सदस्य व जनपद अध्यक्ष पद के निर्वाचन को शून्य घोषित कर दिया था। इसके बाद से ही कार्यवाहक अध्यक्ष के चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर थीं।
क्षेत्र का चहुंओर विकास ही मुख्य लक्ष्य -खुशबू बिसेन
जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित कार्यवाहक अध्यक्ष खुशबू गिरीश बिसेन ने अपनी इस सफ लता का पूरा श्रेय साथी जनपद सदस्यों, वरिष्ठ नेताओं और अपने समर्पित समर्थकों को दिया। उन्होंने चर्चा करते हुए कहा की यह जीत खैरलांजी क्षेत्र की जनता और हमारे साथी सदस्यों के विश्वास की जीत है। हमारे पास कार्यकाल की जो भी अवधि शेष है उसमें राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र का चहुंओर विकास करना ही मेरी पहली प्राथमिकता होगी। हम सब मिलकर खैरलांजी को विकास के पथ पर आगे ले जाएंगे।
जीत के बाद निकला विजय जुलूस जमकर मना जश्न
जीत की आधिकाधिक घोषणा होते ही जनपद पंचायत परिसर के बाहर मौजूद समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष खुशबू बिसेन का फूल.मालाओं और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। इसके बाद समर्थकों द्वारा एक भव्य विजय रैली निकाली गई जिसने पूरे नगर का भ्रमण किया। रैली में शामिल कार्यकर्ता ढोल.ताशों की थाप पर थिरकते और गुलाल उड़ाते हुए खुशी का इजहार कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुनीता मानसिंह बहेटवार ,पूर्व जनपद अध्यक्ष राकेश बनोटे ,मंडल भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र शुक्ला ,ज्ञानेश रांगहडाले , गिरीश बिसेन ,सागर बिसेन ,नरेंद्र साहू ,फिरोज ठाकरे ,देवेंद्र लिल्हारे ,अभिषेक सेलोकर ,पलास बिसेन, डालीराम नगपुरे सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
000000000000000000000









































