फैंस के थलपति और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय, सोमवार 22 जून 2026 को 52 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर जहां सोशल मीडिया पर एक ओर बधाइयों का तांता लगा हुआ है, वहीं नजरें KVN प्रोडक्शंस पर भी टिकी हुई हैं। फैंस एकटक लगाए इंतजार कर रहे हैं कि हो-न-हो थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज डेट का ऐलान उनके जन्मदिन पर हो जाएगा। राजनीतिक पारी के बीच विजय की यह आखिरी फिल्म जनवरी महीने में ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड से विवाद के कारण यह अब तक अटकी हुई है। जबकि इस बीच विधानसभा चुनाव में विजय ने बंपर जीत हासिल की और राज्य की सत्ता पर भी काबिज हो गए। फैंस बधाई के साथ-साथ जन्मदिन पर सरप्राइज की मांग कर रहे हैं।
फैंस की ओर से ‘जन नायकन’ की रिलीज डेट की मांग ऐसे समय में भी आ रही है, जब ‘केवीएन प्रोडक्शंस’ ने एक दिन पहले रविवार को यश की ‘टॉक्सिक’ की नई रिलीज डेट का ऐलान किया है। दो बार पोस्टपोन होने के बाद गीतू मोहनदास के डायरेक्शन में बनी ‘टॉक्सिक’ अब 26 अगस्त 2026 को पैन इंडिया रिलीज होने वाली है। फैंस की मायूसी जायज भी है, क्योंकि इससे पहले हर साल विजय के जन्मदिन पर उनकी नई फिल्मों को लेकर कोई ना कोई ऐलान, कोई सरप्राइज फर्स्ट लुक, फर्स्ट वीडियो रिलीज किया जाता रहा है।










































