नई दिल्ली: कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया। इस विधेयक के पास होने के बाद देश के सर्वोच्च अदालत में जजों की संख्या बढ़ जाएगी। इस बिल का मकसद सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) एक्ट, 1956 में और संशोधन करना है। प्रस्तावित कानून का मकसद केंद्र द्वारा जारी उस अध्यादेश की जगह लेना है, जिसके तहत सुप्रीम कोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या 33 से बढ़ाकर 37 की गई थी।
विपक्षी सांसद नीट पेपर लीक और चढ़ावा चोरी पर कर रहे थे हंगामा
यह बिल तब पेश किया गया जब विपक्ष के सदस्य सदन में कथित NEET-UG पेपर लीक और राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर नारे लगा रहे थे। लगातार हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, राज्यसभा में भी विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा कथित NEET पेपर लीक और छात्रों के जारी विरोध-प्रदर्शन का मुद्दा उठाए जाने के बाद कार्यवाही में बाधा पड़ी।










































