WhatsApp ने करोड़ों यूजर्स की खत्म की बड़ी टेंशन, ऐप पर ही एडिट कर पाएंगे PDF फाइल्स

0

WhatsApp दुनियाभर में इंस्टेंट मैसेजिंग के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। हर दिन करोड़ों लोग चैटिंग, वॉइस कॉलिंग, फाइल्स शेयरिंग, पेमेंट समेत दूसरे कामों के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं। अपने यूजर्स की सहूलियत के लिए वॉट्सऐप समय-समय पर नए-नए फीचर्स लाता रहता है। इस बीच कंपनी ने यूजर्स को एक बहुत बड़ी सुविधा दे दी है।

अगर आप WhatsApp पर अक्सर PDF फाइलें भेजते या रिसीव करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। WhatsApp ने Adobe Acrobat के साथ मिलकर एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिसकी मदद से अब यूज़र्स PDF फाइल को डाउनलोड किए बिना ही सीधे WhatsApp के अंदर खोलकर देख और उस पर बेसिक एडिटिंग कर सकेंगे। यह फीचर अब दुनिया भर के WhatsApp Web और Desktop यूज़र्स के लिए उपलब्ध कर दिया गया है।

WhatsApp में ही ओपन हो जाएगी ऐप

आपको बता दें कि अब तक किसी PDF को देखने या उसमें बदलाव करने के लिए उसे पहले फोन या कंप्यूटर में डाउनलोड करना पड़ता था और फिर किसी दूसरे ऐप में खोलना पड़ता था। लेकिन अब ऐसा नहीं करना होगा। WhatsApp के अंदर ही PDF फुल स्क्रीन में खुलेगी और आप उस पर टेक्स्ट हाइलाइट कर सकेंगे, अंडरलाइन कर पाएंगे, स्ट्राइक-थ्रू कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर नोट्स या ड्रॉइंग भी जोड़ सकेंगे।

एन्क्रिप्टेड रहेगी फाइल

कंपनी का कहना है कि WhatsApp की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन पहले की तरह पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। यानी चैट के अंदर PDF देखने या एडिट करने से आपकी प्राइवेसी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इतना ही नहीं, पासवर्ड से सुरक्षित PDF फाइलें भी WhatsApp के अंदर ही खोली जा सकेंगी।

एडवांस लेवल की एडिटिंग

अगर आपको PDF में एडवांस लेवल की एडिटिंग करनी है, तो WhatsApp में “Edit in Acrobat” का नया ऑप्शन भी दिया गया है। इस पर क्लिक करते ही फाइल Adobe Acrobat के वेब वर्जन में खुल जाएगी, जहां टेक्स्ट और इमेज एडिट करने, डॉक्यूमेंट का सार (Summary) बनाने, PDF को Word या JPG में बदलने, फाइल को कंप्रेस करने, कई PDF को जोड़ने, पासवर्ड लगाने, पेज मैनेज करने और डिजिटल साइन करने जैसे कई एडवांस फीचर्स मिलेंगे। हालांकि, इनमें से ज्यादातर सुविधाओं का इस्तेमाल करने के लिए Acrobat Pro का सब्सक्रिप्शन लेना होगा। एडिटिंग पूरी होने के बाद यूजर उसी PDF को सीधे वापस WhatsApp चैट में शेयर भी कर सकेंगे।

यूजर्स को मिले ये भी फीचर्स

इसके अलावा WhatsApp ने कुछ और नए फीचर्स भी रोलआउट किए हैं। अब iPad पर पहली बार सीधे WhatsApp अकाउंट बनाया जा सकता है। पहले iPad ऐप में सिर्फ पहले से मौजूद अकाउंट को इस्तेमाल करने की सुविधा थी। CarPlay और Android Auto का एक्सपीरियंस भी पहले से बेहतर किया गया है। अब यूज़र बिना हाथ लगाए मैसेज सुन सकते हैं, उनका जवाब दे सकते हैं, कॉल कर सकते हैं और अपनी कॉल हिस्ट्री भी देख सकते हैं।

इसके साथ ही WhatsApp ने Apple Music और Spotify से गाने सीधे WhatsApp Status पर शेयर करने का नया फीचर भी जोड़ दिया है। यानी अब अपनी पसंद का म्यूज़िक स्टेटस पर शेयर करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here