३ दिनों से पानी की किल्लत से तड़प रहे ग्रामीण
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत डोंगरगांव की मुख्य बस्ती में पिछले तीन दिनों से पानी का भीषण संकट बना हुआ है। अज्ञात चोरों के द्वारा नल जल योजना की बोरवेल मोटर का केबल चोरी कर लिए जाने के बाद पूरी जल प्रदाय व्यवस्था ढप हो गई है। तीन दिनों से पानी की सप्लाई बंद रहने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों और पीने के पानी के लिए दर दर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है।
लाखों की योजना पड़ी ठप टंंकी नहीं भरपाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार शासन द्वारा डोंगरगांव मुख्य बस्ती में हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से लाखों रुपये की लागत से नल जल योजना तैयार की गई थी। इस योजना के तहत ओवरहेड टैंक पानी टंकी के माध्यम से नल कनेक्शन के द्वारा पूरे गांव में जलापूर्ति की जाती है। परंतु लगभग तीन दिन पूर्व असामाजिक तत्वों ने ट्यूबवेल में लगी मोटर के केबल पर हाथ साफ कर दिया। केबल चोरी होने के कारण मोटर पूरी तरह बंद हो गई जिससे पानी टंकी नहीं भरी जा सकी और गांव में जल वितरण पूरी तरह से ठप हो गया। बारिश का मौसम होने के बावजूद गांव में पीने के पानी का संकट गहरा गया है। ग्रामीण गांव के अन्य पारंपरिक जल स्रोतों से कड़ी मशक्कत कर दूर दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। चिंताजनक बात यह है कि कई जल स्रोतों में केवल निस्तार दैनिक कार्यों योग्य पानी ही उपलब्ध है ,जो पीने योग्य नहीं है। इसके बावजूद मजबूरीवश कई ग्रामीण उसी दूषित पानी को पीने के लिए उपयोग कर रहे हैं जिससे संक्रामक बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। हालांकि मंगलवार को मोटर में नया केबल जोडऩे की बात कही गई हैं लेकिन इसके बावजूद मंगलवार को भी गांव में पानी का वितरण नहीं किया गया। सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आ रही है कि ग्राम पंचायत के पास आपात स्थिति के लिए टैंकर उपलब्ध होने के बावजूद पंचायत प्रशासन द्वारा ग्रामीणों तक टैंकर से पानी पहुंचाने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। पानी के लिए भीषण परेशानी का सामना कर रहे ग्रामीणों ने शासन प्रशासन और ग्राम पंचायत प्रबंधन से पुरजोर मांग की है कि नल जल योजना की कमियों व तकनीकी खामियों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। साथ ही जब तक जलापूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो जाती तब तक गांव में टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था कराई जाए ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
ग्राम की नल जल योजना बंद पड़ी हुई है सरपंच को समस्या का समाधान करना चाहिये-संदीप कन्नौजे
संदीप कन्नौज ने बताया कि तीन दिन हो गया हमारे गांव की नल जल योजना बंद पड़ी हुई है। इसमें बताते हैं कि चोरों के द्वारा मोटर में लगा केबल चोरी कर लिया गया है। यह पानी की किल्लत ३ दिन से है आज केबल जोड़ा गया बताते हैं किंतु पानी नहीं दिया गया है। चोरी की समस्या भी बढ़ रही है गस्त तो हमारे यहां होती नहीं है। पानी का मुख्य स्रोत पूरे ग्राम में पानी की टंकी ही है वह बंद है तो दिक्कत सभी को है। अभी बारिश के कारण भी कुएं का पानी उपयोग लायक नहीं है सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी की है। पानी पर्याप्त मिलना चाहिए तत्काल सुविधा की जानी चाहिए शासन ने टैंकर की सुविधा दी है जिससे पानी बंटवाना चाहिए था यहाँ वह भी नहीं किया गया है।
नल जल योजना की पानी की मोटर का केबल चोरी हो गया है- विजय कुमार
विजय कुमार ने बताया कि यहां काफी चोरी हो रही है मुझे आज सूचना लगी की नल जल योजना की पानी की मोटर का जो केबल चोरी कर लिया गया है। इसके पहले भी ग्राम के चौक में चोरी की वारदात हुई थी यह जो चोरी की घटनाएं हैं वह धीरे धीरे बढ़ती जा रही है। गांव में चाकू के नोक पर तक ले जाने की घटना हो चुकी है पुलिस प्रशासन को इस विषय पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। एक से दो बार सप्ताह में पुलिस गश्त होनी चाहिए जो बिल्कुल अभी होती नहीं है। अब केबल चोरी हुआ तो पानी नहीं मिल रहा है दूर दराज के हैंडपंप से पानी ला रहे हैं वह भी निस्तार के लिए मिल रहा है पीने की समस्या है।










































