बहना ने भाई की कलाई पर बांधा प्रेम और विश्वास का धागा

0

जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रक्षाबंधन पर्व,
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजारों में रही भारी भीड़
फोटो
पदमेश न्यूज। बालाघाट। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के पवित्र बंधन का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को जिला मुख्यालय सहित जिले की सभी तहसीलों और ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास एवं पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार एवं आशीर्वाद प्रदान किए।सुबह से ही जिले भर में भाई-बहन एक-दूसरे के घर पहुंचकर रक्षाबंधन की रस्में निभाते नजर आए। घरों में पूजन की थाली, रोली, चावल, मिठाई और रंग-बिरंगी राखियों के साथ पर्व का उल्लास दिखाई दिया। बताया गया कि बहनों द्वारा भाई की कलाई पर बांधी गई राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और सम्मान के अटूट रिश्ते का प्रतीक है।

बच्चो में दिखा खासा उत्साह
पर्व के अवसर पर बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साह में नजर आए। बच्चों की कलाइयों पर कार्टून और खिलौनों की आकृति वाली राखियां दिखाई दीं, वहीं युवाओं और बुजुर्गों ने डिजाइनर, क्लासिकल और फैंसी राखियां बंधवाईं। सुबह से देर शाम तक राखी बांधने और भाई-बहन के एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। दुकानों और बाजारों में बज रहे रक्षाबंधन के गीत भी पर्व के उल्लास को और बढ़ाते रहे।

मिठाई और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर लगी कतारें
भाई-बहन के प्रेम के इस पर्व पर शहर के बाजारों में खासी रौनक दिखाई दी। प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में सजी राखी, मिठाई और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़ रही। बहनों ने भाइयों के लिए आकर्षक राखियां, रुमाल, मिठाई और अन्य सामग्री की जमकर खरीदारी की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देने के लिए बाजार का रुख किया।रेडीमेड गारमेंट्स, ज्वेलरी, मोबाइल, श्रृंगार सामग्री और गिफ्ट आइटम की दुकानों पर विशेष चहल-पहल रही। महिलाओं, युवतियों और किशोरियों के साथ उनके भाई भी कपड़े, उपहार और मिठाइयों की खरीदारी करते नजर आए। रक्षा बंधन को लेकर गिफ्ट आइटम की भारी मांग रही, जबकि मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की लंबी कतारें दिखाई दीं।

बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर उमड़ा यात्रियों का हुजूम
रक्षाबंधन के अवसर पर दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाली बहनें भाइयों से मिलने के लिए उत्सुक नजर आईं। इसके चलते नगर के बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी। बसों और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रही।कई लोग अपने गांव और रिश्तेदारों के घर पहुंचने के लिए यात्रा करते नजर आए।इस तरह भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पावन पर्व जिले भर में पूरे उत्साह, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। दिनभर बहनों द्वारा भाइयों की कलाइयों पर सजाई गई रंग-बिरंगी राखियां भाई-बहन के अटूट स्नेह और मजबूत रिश्ते की कहानी बयां करती रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here