फिल्म और टीवी कलाकारों की संस्था ‘सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन’ (CINTAA) के चुनाव में एक्ट्रेस उपासना सिंह के ग्रुप ने बाजी मार ली है। शनिवार इलेक्शन में कुल 571 वोट पड़े और इस बार महिला शक्ति का दबदबा देखने को मिला। लेकिन चुनावी नतीजे के बीच एक वीडियो भी चर्चा में आया, जहां बीच सड़क पर पूनम ढिल्लों, पद्मिनी कोल्हापुरे, उपासना सिंह और कुनिका सदानंद को झगड़ते देखा गया। वहां पुलिस बुलानी पड़ गई, जिसने दिग्गज एक्ट्रेसेस को डांट भी लगाई। अब इस पूरे मामले पर कुनिका सदानंद ने चुप्पी तोड़ी है। बताया है कि आखिर शनिवार को वहां हुआ क्या था।
CINTAA चुनाव में जहां उपासना सिंह ने सबसे अधिक 260 वोट पाए, वहीं साहिल चड्ढा दूसरे, विकास वर्मा तीसरे, दीपक पराशर चौथे, कुनिका सदानंद पांचवें, वर्षा उसगांवकर और नगमा सातवें स्थान पर रहीं। बीते महीने ही CINTAA की एग्जीक्यूटिव कमिटी के 8 चुने हुए सदस्यों समेत कुल 11 मेंबर्स ने एकसाथ इस्तीफा दे दिया था। इन सदस्यों ने पिछली कमिटी की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे पर अपने पदों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।










































