मुरैना। सरायछौला थाना क्षेत्र के नायकपुरा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने चार घरों में सेंध लगा दी। इन चार घरों से 50 लाख से अधिक कीमत के 37 तौला सोने के गहने, एक किलो चांदी और 64 हजार रुपये की नगदी चोरी हुई है। पीड़ित परिवार शिकायत लेकर थाने पहुंचे हैं। पुलिस छानबीन में जुट गई है। गौरतलब है, कि नायकपुरा मप्र के कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना का पैतृक गांव है।
एक ही परिवार के तीन घरों के अलावा एक अन्य घर में हुई चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार-सोमवार की रात में यह चोरी एक ही परिवार के तीन घरों के अलावा एक अन्य घर में चोरी हुई है। नायकपुरा निवासी मानसिंह पुत्र दीनानाथ कंसाना ने बताया, कि चोरों ने उनके घर की दीवार फोड़ी, अंदर कमरे में आने के बाद बाहर जाने का रास्ता नहीं मिला तो छत के सहारे से घर में घुसे।
इसके बाद आठ तौला सोने के गहने सीतारानी हार पांच तौला, सोने की चेन दो तौला, एक तौला की पुरानी चेन, आधी किलो चांदी के पुराने गहने चुरा ले गए।
पास में ही रहने वाले मानसिंह के चचेरे भाई योगेंद्र सिंह पुत्र गिरंद सिंह कंसाना के घर से सबसे बड़ी चोरी हुई है। योगेंद्र के घर से 22 तौला सोना में सीतारानी, रानी हार, दो चेन, ब्रजवाला, अंगूठी आदि सोने के गहने व 64 हजार की नकदी को चोर ले गए।
अरविंद के घर से 6 तौला सोने के गहने पार
पास ही रहने वाले अरविंद सिंह पुत्र रामबाबू सिंह कंसाना के घर में घुसे चोर छह तौला सोने के गहने ले गए। यह गहने अरविंद की बेटी प्रियंका के हैं, जो कुछ दिन पहले ही अपनी ससुराल मथुरा से अपने मायके आई हुई थी। इन तीन घरों में चोरी करने के बाद चोर, चार घर दूर परिमाल सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह कंसाना के घर में जा घुसे, यहां से दो अंगूठी, मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब और 2000 रुपये की नगदी चुरा ले गए।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि रात एक बजे से तीन बजे के बीच में यह चोरियां हुई हैं। एक बजे तक लोग जाग रहे थे। ग्रामीणों को गांव के ही किसी चोर पर संदेह है। सरायछौला थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि चोरियां तो हुई हैं, एफआइआर दर्ज कर रहे हैं।






































