अभाविप ने छात्राओं की सुरक्षा और सीसीटीवी लगाने समेत लंबित मांगों को लेकर होंगा प्रदर्शन ,
बैहर कॉलेज में छात्रा के साथ हुई घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कड़ा रुख अपनाते हुए 28 सितंबर को छात्र आक्रोश यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। अभाविप पदाधिकारियों का कहना है कि घटना को लेकर निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए तथा कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर विद्यार्थी परिषद द्वारा कॉलेज परिसर से बैहर बस स्टैंड तक आक्रोश यात्रा निकाली जाएगी।
अभाविप पदाधिकारी आदित्य अग्रवाल ने बताया कि बैहर कॉलेज में छात्रा के साथ हुई घटना अत्यंत गंभीर है और इस मामले में विद्यार्थी परिषद चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने कहा कि 28 सितंबर को सुबह 10.30 बजे कॉलेज परिसर से छात्र आक्रोश यात्रा शुरू होगी, जो बैहर बस स्टैंड पहुंचकर समाप्त होगी। इसके बाद एसडीएम बैहर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से छात्राओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी तय करने, कॉलेज के अलग-अलग स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। अभाविप का कहना है कि मामले में अन्य छात्राओं के नाम सामने आने की बात भी कही जा रही है, इसलिए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए। आदित्य अग्रवाल ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े विषय को गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है। विद्यार्थी परिषद की मांग है कि संबंधित मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाए और कॉलेज में ऐसा वातावरण बनाया जाए, जहां छात्राएं बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक संख्या में छात्र आक्रोश यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।










































