इमलीटेकरा-रावड़बंदी मार्ग पर हादसा
दो घायल जिला अस्पताल में कराया भर्ती
बालाघाट। भरवेली थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलीटेकरा से रावड़बंदी मार्ग पर मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक मोटरसाइकिल पर सवार पति-पत्नी और उनका तीन वर्षीय मासूम बच्चा घायल हो गए जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति को भी चोटें आईं। दुर्घटना में अधिक चोट आने पर महेंद्र पिता कपूरचंद कोवे 34 वर्ष ग्राम तिवड़ी कला, थाना हट्टा निवासी तथा संदेश पिता मुन्नालाल मेश्राम 35 वर्ष कच्ची बारंग, भरवेली निवासी को जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेंद्र कोवे इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं और उनका ससुराल रावड़बंदी में है। 29 सितंबर को करीब दोपहर 1:30 बजे महेंद्र अपनी पत्नी मनीषा और तीन वर्षीय बेटे शिवम को मोटरसाइकिल पर बैठाकर रावड़बंदी जा रहे थे।इसी दौरान रावड़बंदी जोड़ महुआ के पास सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर संदेश मेश्राम अपने दो साथियों के साथ रावड़बंदी से अपने घर की ओर जा रहे थे।दोनों मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर में महेंद्र कोवे को गंभीर चोटें आईं। वहीं उनकी पत्नी मनीषा और तीन वर्षीय पुत्र शिवम को भी मामूली चोटें आईं। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार संदेश मेश्राम भी घायल हो गए।जबकि उनके साथ बाइक पर बैठे दो अन्य लोगों को चोट नहीं आई।हादसे के बाद सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा उपचार के बाद अधिक चोट लगने के कारण महेंद्र कोवे और संदेश मेश्राम को अस्पताल में भर्ती किया गया है।घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पुलिस ने दोनों घायल व्यक्तियों के बयान दर्ज किए। इसके बाद मामले को आगे की कार्रवाई के लिए घटनास्थल से संबंधित भरवेली थाना पुलिस को भेज दिया गया है।










































