श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम हीरापुर से नर्मदा परिक्रमा के लिए ओंमकारेश्वर जाने 22 को निकलेगी यात्रा

0

गौमुख घाट से दादा गुरू के सानिध्य में संकल्प पूजन कर होगी पद यात्रा प्रारंभ
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। प्रभु श्रीराम एवं पवनपुत्र हनुमान जी महाराज की कृपा एवं मां नर्मदा के पावन आशीर्वाद से श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर ट्रस्ट ग्राम हीरापुर भरवेली के तत्वावधान में करीब 90 दिवसीय हनुमंत भक्ति मां नर्मदा पैदल परिक्रमा का आयोजन किया जा रहा है। उक्त यात्रा विश्व की सबसे ऊंची प्रस्तावित 205 फीट दिव्य पंचमुखी श्री हनुमान जी महाराज की प्रतिमा एवं भव्य मंदिर निर्माण के महासंकल्प की सिद्धि हेतु समर्पित रहेगी। नर्मदा परिक्रमा यात्रा दादा गुरू के सानिध्य में 24 नवम्बर को गौमुख घाट से संकल्प पूजन कर प्रारंभ होगी। इस यात्रा में शामिल होने सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर हीरापुर से 22 नवम्बर को बस से मंदिर के सेवादारों के साथ जिले के धर्मप्रेमी श्रद्धालु भी ओमकारेश्वर के लिए रवाना होंगे। इस अवसर पर प्रभु श्रीराम व हनुमान जी की पूजा अर्चना कर सेवादार मां नर्मदा की परिक्रमा के लिए प्रस्थान करेंगे। उक्त जानकारी श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर ट्रस्ट हीरापुर के अध्यक्ष किरणभाई त्रिवेदी, व अमित जोशी ने 17 नवम्बर को पत्रकारों से चर्चा में दी। इस दौरान विहिप प्रखंड अध्यक्ष समनापुर अनिल बिसेन, संतोष अर्जुनवार उपस्थित रहे।

सुख-समृद्धि, जनकल्याण मनोकामनाओ के साथ यात्रा का होगा आगाज
पदाधिकारियों ने बताया कि यात्रा विष्णुधाम मंदिर से प्रारंभ होकर भरवेली ग्राम का भ्रमण करते हुए बालाघाट नगर पहुंचेगी। इसके पश्चात शंकर घाट पर मां वैनगंगा जी का विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती कर ग्राम देवता व क्षेत्रपाल देवताओं का पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण व यात्रा की निर्विघ्न सफलता की प्रार्थना की जाएगी। इन धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात यात्रा दल ओंकारेश्वर धाम के लिए प्रस्थान करेगी। उन्होंने बताया कि 24 नवम्बर को श्री ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग महादेव के दर्शन व पूजन के पश्चात यात्रा दल गौमुख घाट पहुंचेगा। जहां मां नर्मदा का विधिवत पूजन, संकल्प एवं आराधना कर नर्मदा पैदल परिक्रमा का शुभारंभ किया जाएगा। यह पदयात्रा मां नर्मदा के तटवर्ती क्षेत्रों से होते हुए मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र एवं गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरेगी तथा निर्धारित परिक्रमा मार्ग के अनुसार पुन: ओंकारेश्वर धाम पहुंचकर पूर्ण होगी।

दिव्य रथ रहेगा यात्रा का विशेष आकर्षण
इस आध्यात्मिक यात्रा में पदयात्रियों के आगे एक विशेष रूप से सुसज्जित दिव्य रथ भी साथ चलेगा। इस रथ में श्रद्धापूर्वक पांच पवित्र तीर्थों का जल एवं प्रभु श्रीराम व हनुमान जी महाराज से संबंधित पावन स्मृति-चिन्ह स्थापित रहेंगे।रथ में मां नर्मदा, मां गंगा, मां सरयू एवं पंपा सरोवर व मां गोदावरी पंचतीर्थ का जल रहेगा। इसके अलावा अयोध्या धाम से प्राप्त प्रभु श्रीराम के चरणों की पावन रज, किष्किंधा स्थित श्री हनुमान जी की जन्मस्थली से प्राप्त पावन चरण-रज व किष्किंधा/अंजनाद्रि पर्वत क्षेत्र से प्राप्त शिला रहेगा। जो यात्रा का विशेष आर्कषक होगा। इस परिक्रमा के दौरान यात्रा दल द्वारा प्रति दिन रात्रि में हनुमान मंदिरों में विश्राम किया जाएगा। संध्या के समय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, श्री हनुमान जी महाराज की आरती, श्री नर्मदाष्टक पाठ व मां नर्मदा जी की आरती की जाएगी। इसके साथ ही भजन-कीर्तन, सत्संग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय श्रद्धालुओं को भी जोड़ा जाएगा।

205 फीट दिव्य पंचमुखी हनुमान प्रतिमा निर्माण का महासंकल्प
श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर ट्रस्ट, हीरापुर द्वारा विश्व की सबसे ऊंची प्रस्तावित 205 फीट दिव्य पंचमुखी श्री हनुमान जी महाराज की प्रतिमा एवं भव्य मंदिर निर्माण का महासंकल्प लिया गया है। इसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह पदयात्रा समर्पित की जा रही है। इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य मां नर्मदा की महिमा का गुणगान, सनातन धर्म व भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार, हनुमान की भक्ति एवं सेवा-भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना, युवाओं में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना जागृत करना व प्रस्तावित 205 फीट हनुमान प्रतिमा निर्माण के लिए जनजागरण एवं जनसहयोग प्राप्त करना है। इसके साथ ही नदी एवं पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, मानवता और जनसेवा का संदेश भी यात्रा के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here