विश्रामपुर के पास हादसा
टक्कर मारने के बाद लाल रंग की कार मौके से फरार
बालाघाट। ग्रामीण थाना क्षेत्र के समनापुर रोड पर ग्राम विश्रामपुर के पास तेज रफ्तार कार ने पीछे से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार नसीम खान पिता मोहम्मद सलीम खान 45 वर्ष वार्ड नंबर 3, समनापुर निवासी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नसीम खान टोकना-झाड़ू बेचने का व्यवसाय करते हैं। 29 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे वे मोटरसाइकिल से अकेले अपने गांव समनापुर से बालाघाट किसी काम से आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम विश्रामपुर के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही लाल रंग की कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।कार की टक्कर लगते ही नसीम खान मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने घायल नसीम खान की मदद की और उन्हें मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाकर भर्ती कराया।घटना की सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल पुलिस ने घायल नसीम खान का बयान दर्ज किया। इसके बाद मामले को आगे की कार्रवाई के लिए घटनास्थल से संबंधित ग्रामीण थाना नवेगांव पुलिस को भेज दिया गया है।






































