कालीपुतली चौक के पास शाम होते ही सड़क किनारे वाहनों की कतार
कार्यालयों के प्रवेश द्वार भी हो रहे बाधित
बालाघाट। कालीपुतली चौक के समीप स्थित चौपाटी में शाम के समय बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच रहे हैं। चौपाटी पर आने वाले लोगों द्वारा अपने दोपहिया और अन्य वाहन सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने के कारण क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थिति यह है कि कई वाहन आसपास स्थित कार्यालयों के प्रवेश द्वार के सामने तक खड़े कर दिए जाते हैं।जिससे कर्मचारियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शाम 7 से रात 9 बजे तक बढ़ जाती है परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार शाम करीब 7 बजे से रात 9 बजे तक चौपाटी क्षेत्र में भीड़ बढ़ने के साथ सड़क किनारे वाहनों की संख्या भी काफी बढ़ जाती है। चौपाटी के सामने स्थित बालाघाट एक्सप्रेस न्यूज़ कार्यालय के गेट के सामने भी लोग अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इससे कार्यालय में आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य लोगों को प्रवेश एवं निकासी में परेशानी होती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कार्यालय के गेट के सामने वाहनों के खड़े रहने से कई बार वाहन निकालने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। सड़क किनारे दोनों ओर वाहनों की पार्किंग के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है।
कालीपुतली चौक से जयस्तंभ चौक मार्ग पर असर
चौपाटी के सामने सड़क के दोनों छोर पर वाहनों के खड़े रहने का असर कालीपुतली चौक से जयस्तंभ चौक की ओर आने-जाने वाले वाहनों पर भी पड़ रहा है। सड़क का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को कई स्थानों पर संकरे रास्ते से निकलना पड़ता है, जिससे जाम जैसी स्थिति बनने की आशंका बनी रहती है।विशेषकर शाम के व्यस्त समय में पैदल आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की संख्या बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती है।
यातायात विभाग से कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने यातायात विभाग से मांग की है कि चौपाटी क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों को निर्धारित नियमों के तहत कार्रवाई की जाए।साथ ही कार्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों के प्रवेश द्वार के सामने वाहन खड़े करने पर रोक लगाई जाए। ताकि कर्मचारियों, आम नागरिकों और वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।जनहित को देखते हुए शाम के व्यस्त समय में यातायात विभाग द्वारा इस क्षेत्र में निगरानी और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जरूरत है, ताकि चौपाटी की रौनक के साथ शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।






































