बीजेपी कोर ग्रुप की मीटिंग से बाहर रहे नरोत्तम मिश्रा, कई तरह की अटकलें, नए पदाधिकारियों की थी पहली बैठक

0

Narottam Mishra News: एमपी बीजेपी के नए प्रभारी बिप्लब देब पहली बार एमपी आए थे। उनके नेतृत्व में कोर ग्रुप की मीटिंग हुई है। इस मीटिंग में नरोत्तम मिश्रा की अनुपस्थिति को लेकर कई तरह की अटकलें हैं। हालांकि उनका कहना है कि हमें सूचना नहीं मिली थी।भोपाल: मध्य प्रदेश में बीजेपी के नए केंद्रीय प्रभारियों ने बुधवार को काम संभाल लिया है। भोपाल पहुंचने के बाद पहली बार नए प्रभारी और संगठन मंत्री के साथ बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक हुई है। इस बैठक ने कई अटकलों को जन्म दे दिया है। बैठक में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद नहीं रहे हैं।कोर ग्रुप की मीटिंग में नहीं पहुंचे नरोत्तम मिश्रा

दरअसल, बुधवार को पहली बार नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब, संगठन मंत्री चंद्रशेखर और सह प्रभारी रेखा वर्मा भोपाल पहुंचीं। शाम को बीजेपी ऑफिस में कोर ग्रुप की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में कोर ग्रुप के तमाम सदस्य सीएम मोहन यादव और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। लेकिन पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा कोर ग्रुप की मीटिंग में नहीं पहुंचे।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी नहीं आए

वहीं, कोर ग्रुप की मीटिंग में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी नहीं पहुंचे थे। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को छोड़कर सभी सदस्य यहां पहुंचे थे।

नरोत्तम मिश्रा को नहीं मिली सूचना

बीजेपी कोर ग्रुप सदस्यों की सूची में नरोत्तम मिश्रा का नाम 11वें नंबर पर है। इसके बावजूद वह नहीं आए। एक अखबार से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हमें इस मीटिंग को लेकर कोई सूचना नहीं मिली थी।

दतिया में हार के बाद अनदेखी

गौरतलब है कि दतिया उपचुनाव में हार के बाद नरोत्तम मिश्रा हाशिए पर हैं। पार्टी की सार्वजनिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता कम दिख रही हैं। हालांकि दतिया में वह लगातार सक्रिय हैं। समय-समय पर अपनी ताकत भी दिखा रहे हैं। पार्टी ने हाल ही में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से यह संदेश दे दिया है कि अब किसी की छाया में संगठन नहीं रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here