रोज शाम निकल रही रैलियां, शराब सेवन के दुष्प्रभाव के प्रति कर रहे जागरूक, पक्की दुकान के खिलाफ ३१ मार्च के बाद जमीन न देने का ऐलान
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। ग्रामीण अंचलों में पांव पसार चुके नशे के कारोबार और उससे बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी को बचाने के लिए जनपद पंचायत लालबर्रा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खमरिया की महिलाओं ने एक अभूतपूर्व और संगठित जन-आंदोलन की शुरू आत की है। महिलाओं ने ग्राम को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने के साथ ही सैकड़ों महिलाएं प्रतिदिन शाम को सडक़ों पर उतरकर रैलियां निकाल रही हैं और ग्रामीणजनों को नशा छोडऩे की समझाइश के साथ ही उसके दुष्परिणाम के प्रति जागरूक कर रहे है। वहीं अवैध रूप से कच्ची-पक्की शराब विक्रय करने वालों को शराब विक्रय बंद करने की मांग कर रहे है, ताकि ग्राम नशा मुक्त बन सके। खमरिया ग्राम में अवैध रूप से कच्ची-पक्की शराब विक्रय होने से ग्राम के युवा पीढ़ी के साथ ही बड़े लोग भी शराब पीने के आदि होते जा रहे है। साथ ही नशे की हालत में वे परिजनों के साथ वाद-विवाद करते है जिससे ग्राम का माहौल खराब हो रहा है और सबसे अधिक परेशान ग्राम की महिलाएं एवं उनके परिजन है। वहीं पुलिस प्रशासन से अवैध रूप से शराब विक्रय करने वाले लोगों पर कठोर कार्यवाही करने की मांग की है। साथ ही गत दिवस रैली के माध्यम से ग्रामीणजन ग्राम स्थित पक्की शराब दुकान पहुंचे और ग्राम में अवैध रूप से शराब विक्रय न करवाये और अपनी दुकान में निर्धारित समय पर ही विक्रय करें। वहीं नशा मुक्ति अभियान के तहत महिलाओं की मुहिम है कि केन्द्र में न केवल गांव में अवैध रूप से बिक रही कच्ची-पक्की शराब को बंद कराना है। बल्कि ३१ मार्च को समाप्त हो रहे पक्की शराब दुकान के अनुबंध के बाद उसे गांव से हमेशा के लिए बेदखल करना भी शामिल है।










































