Mohan Yadav On Congress: खंडवा में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता इस डर से स्मित मच्छार की तारीफ नहीं कर रहे हैं कि उनके अल्पसंख्यक वोटर नाराज हो जाएंगे। सीएम ने राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर भी निशाना साधा है।खंडवा: मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल ने एक हालिया अंतरराष्ट्रीय उड़ान के दौरान भारतीय पायलट स्मित मच्छार की दिखाई बहादुरी की इस डर से सराहना नहीं की कि कहीं ऐसा करने से उसे अल्पसंख्यक समुदाय के वोट का नुकसान नहीं हो जाए।
कांग्रेस नेता नहीं सुधर रहे
सीएम मोहन यादव ने इस उड़ान के बहुचर्चित घटनाक्रम का एक सरकारी समारोह में उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस नेता न तो तब सुधरे, जब उनकी सरकार थी और न ही अब सुधर रहे हैं। यादव ने कहा कि इजराइल जा रहे हवाई जहाज के अंदर एक ओमानी व्यक्ति ने भारत के व्यक्ति (पायलट स्मित मच्छार) पर कुल्हाड़ी से हमला किया और भारतीय व्यक्ति ने अपनी जान की बाजी लगाकर करीब 200 लोगों के जीवन की रक्षा की।कांग्रेस नेता डर से नहीं कर रहे तारीफ
उन्होंने कहा कि यह वीरता सनातन संस्कृति का हिस्सा है, लेकिन कांग्रेस नेता इस डर के कारण कैप्टन मच्छार की भूलकर भी तारीफ नहीं कर रहे हैं कि कहीं इससे उनकी पार्टी को अल्पसंख्यक समुदाय के वोट का नुकसान नहीं हो जाए। यादव ने कांग्रेस नेताओं को ‘वोट के भूखे’ बताते हुए कहा कि इस तरह के कथित बर्ताव पर उन्हें शर्म आनी चाहिए।
राहुल गांधी पर किया पलटवार
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक अक्टूबर को राज्य के बालाघाट जिले में पहुंचे थे। उन्होंने जिले में पिछले कुछ महीनों में संदिग्ध संक्रामक बीमारियों से जान गंवाने वाले आदिवासी बच्चों के परिवारों से मुलाकात की थी और आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार गंभीर बीमारियों और कुपोषण से निपटने में विफल रही है।कांग्रेस के राज में बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जैसे आदिवासी बहुल जिलों में नक्सलियों और चंबल क्षेत्र में डाकुओं को किसी भी व्यक्ति की हत्या के लिए ‘फ्री हैंड’ (खुली छूट) दे दिया गया था।
मोहन यादव, सीएम एमपी
तत्कालीन मंत्री की हत्या का जिक्र किया
यादव ने बालाघाट जिले में 1999 के दौरान राज्य की तत्कालीन कांग्रेस सरकार के काबीना मंत्री लिखीराम कावरे की नक्सलियों द्वारा की गई हत्या का हवाला दिया और दावा किया कि इस वारदात से लेकर अब तक कांग्रेस के शीर्ष नेता कावरे के घर शोक जताने नहीं गए। उन्होंने राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जब हमने पूरे राज्य से नक्सलियों का सफाया कर दिया है, तो वोट के भूखे नेता बालाघाट जा रहे हैं। अरे बाबू, जब तुम्हारी पार्टी की सरकार थी, तब जरा बालाघाट जाकर बताते।राजकुमार के तौर पर लिया है जन्म
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर कटाक्ष किया कि कांग्रेस नेता को लगता है कि उन्होंने एक राजकुमार के तौर पर जन्म लिया है और हमेशा उनके घर के लोग ही प्रधानमंत्री बनेंगे।
रानी दुर्गावती की तारीफ की
मुख्यमंत्री ने पूर्व गोंडवाना साम्राज्य की शासक रानी दुर्गावती की जयंती पर आयोजित समारोह में उन्हें याद करते हुए उनकी वीरता और देश के प्रति उनके योगदान की सराहना की। यादव ने पूर्व गोंड राजवंश के मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों में फैले 52 गढ़ों के तत्कालीन शासकों के वंशजों का सम्मान भी किया। समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह भी मौजूद थे।गौरतलब है कि गत बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान एफजेडए 1073 में एक सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर कॉकपिट में रखी कुल्हाड़ी (क्रैश एक्स) से हमला कर दिया था जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह कुल्हाड़ी आपात स्थिति में इस्तेमाल के लिए कॉकपिट में रखी जाती है। विमान में 174 यात्री सवार थे। इसी को लेकर सीएम ने कांग्रेस को घेरा है।






































