बैठक में वीरांगना रानी अवंतीबाई की प्रतिमा अनावरण सहित अन्य बिन्दुओं पर की गई चर्चा
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के सामने स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को ब्लॉक लोधी समाज की आवश्यक बैठक संपन्न हुई। यह बैठक ब्लॉक लोधी समाज लालबर्रा एवं आलोक संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ हुई। आयोजित बैठक में हाई स्कूल मार्ग पर वीरांगना रानी अवंतीबाई की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम भव्य रूप से करने, आलोक संघ के द्वारा आगामी १५ नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम, समाजोत्थान सहित अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा कर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग से हाई स्कूल मार्ग पर वीरांगना रानी अवंतीबाई की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसका अनावरण कार्यक्रम भव्य रूप से किया जाना है इसलिए इस कार्यक्रम को भव्यता रूप देने के लिए सामाजिक बंधुओं को सहयोग करना पड़ेगा। वहीं आगामी १५ नवंबर को आलोक संघ द्वारा जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें कक्षा १० वीं, १२ वीं में ७५ प्रतिशत से अधिक अंक लेकर उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जायेगा। लालबर्रा क्षेत्र के जिन छात्र-छात्राओं ने ७५ प्रतिशत से अधिक अंक लेकर उत्तीर्ण हुए है ऐसे छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर कार्यक्रम में उपस्थिति करवाने की अपील सामाजिक बंधुओं से की है। वहीं सभी को संगठित होकर समाजोत्थान के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने प्रेरित किया गया।










































