WhatsApp पर मौजूद कुछ सेफ्टी और प्राइवेसी फीचर्स आपके काफी काम आ सकते हैं। इनकी मदद से आप संदिग्ध नंबरों की पहचान कर सकते हैं, अनजान कॉल से बच सकते हैं और अपने अकाउंट को ज्यादा सुरक्षित रख सकते हैं। आइए जानते हैं WhatsApp के इन फीचर्स के बारे में।WhatsApp आज के समय में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाला इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप है। दुनियाभर में 4 बिलियन से अधिक लोग इस ऐप्लिकेशन का इस्तेमाल करते हैं। अपने यूजर्स की सेफ्टी के लिए वॉट्सऐप कई तरह के सिक्योरिटी फीचर्स देता है। आजकल ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए WhatsApp जैसे मैसेजिंग ऐप का भी इस्तेमाल करते हैं। कभी वे दोस्त या रिश्तेदार बनकर पैसे मांगते हैं, तो कभी बैंक, सरकारी अधिकारी या कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर लोगों की निजी जानकारी चुराने की कोशिश करते हैं।
ऐसे में WhatsApp पर मौजूद कुछ सेफ्टी और प्राइवेसी फीचर्स आपके काफी काम आ सकते हैं। इनकी मदद से आप संदिग्ध नंबरों की पहचान कर सकते हैं, अनजान कॉल से बच सकते हैं और अपने अकाउंट को ज्यादा सुरक्षित रख सकते हैं। आइए जानते हैं WhatsApp के इन फीचर्स के बारे में, जो ऑनलाइन ठगी से बचने में आपकी मदद कर सकते हैं।
अनजान नंबर से मैसेज आने पर रहें सावधान
अगर WhatsApp पर किसी अनजान नंबर से मैसेज आता है, तो ऐप आपको उस नंबर के बारे में जानकारी देने और जरूरी कदम उठाने के विकल्प दिखा सकता है। इनकी मदद से आप उस नंबर को ब्लॉक या रिपोर्ट कर सकते हैं। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के मैसेज पर तुरंत भरोसा करने के बजाय पहले उसकी पहचान जांच लें। खासकर तब, जब वह आपसे पैसे मांगे या आपकी निजी जानकारी जानने की कोशिश करे।संदिग्ध नंबर को करें ब्लॉक और रिपोर्ट
अगर आपको किसी नंबर से बार-बार संदिग्ध मैसेज आ रहे हैं या कोई व्यक्ति आपको ठगने की कोशिश कर रहा है, तो आप उसे WhatsApp पर ब्लॉक कर सकते हैं। ब्लॉक करने के बाद वह व्यक्ति आपको WhatsApp पर मैसेज और कॉल नहीं कर पाएगा। इसके अलावा, आप उस नंबर को रिपोर्ट भी कर सकते हैं। इससे WhatsApp को स्पैम और ठगी करने वाले अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई करने में मदद मिलती है।
अनजान कॉल को साइलेंट करें
WhatsApp पर आने वाली हर अनजान कॉल जरूरी नहीं कि किसी जान-पहचान वाले की हो। कई बार ठग भी अनजान नंबरों से कॉल करके लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। ऐसी कॉल से बचने के लिए WhatsApp में Silence Unknown Callers फीचर दिया गया है। इसे चालू करने पर आपके कॉन्टैक्ट में सेव नहीं किए गए नंबरों से आने वाली कॉल की घंटी नहीं बजेगी। हालांकि, इन कॉल की जानकारी आपको कॉल लॉग में मिलती रहेगी। यानी आप बाद में भी देख सकते हैं कि किस अनजान नंबर से कॉल आई थी।
अपनी निजी जानकारी को रखें सुरक्षित
WhatsApp पर आपकी प्रोफाइल फोटो, लास्ट सीन, ऑनलाइन स्टेटस, About और Status जैसी जानकारियां कौन देख सकता है, यह आप खुद तय कर सकते हैं। इसके लिए ऐप की प्राइवेसी सेटिंग्स में जाकर तय करें कि आपकी जानकारी सभी लोग देख सकें, सिर्फ आपके कॉन्टैक्ट देख सकें या कोई भी उसे न देख पाए। बेहतर होगा कि आप अपनी निजी जानकारी सिर्फ भरोसेमंद लोगों तक ही सीमित रखें। इससे ठगों को आपके बारे में जानकारी जुटाने और उसका गलत इस्तेमाल करने का मौका कम मिलता है।
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहती हैं चैट और कॉल
WhatsApp पर आपकी निजी चैट और कॉल एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहती हैं। इसका मतलब है कि मैसेज भेजने वाला और उसे पाने वाला ही उसका कंटेंट पढ़ या सुन सकता है। WhatsApp भी इन मैसेज और कॉल के कंटेंट को नहीं पढ़ सकता या सुन सकता। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आप हर तरह की ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित हैं। अगर कोई ठग आपको मैसेज भेजकर पैसे मांगता है या किसी फर्जी लिंक पर क्लिक करने के लिए कहता है, तो एन्क्रिप्शन उसे नहीं रोक सकता। इसलिए अनजान लोगों से बातचीत करते समय सावधानी बरतना जरूरी है।
सिक्योरिटी कोड फीचर
WhatsApp पर हर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड चैट का अपना सिक्योरिटी कोड होता है। आप अपने कॉन्टैक्ट के साथ इस कोड का मिलान करके यह जांच सकते हैं कि आपकी चैट का एन्क्रिप्शन सही है। यह फीचर खासतौर पर तब काम आ सकता है, जब आप किसी व्यक्ति के साथ संवेदनशील जानकारी शेयर कर रहे हों और चैट की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त होना चाहते हों।
ध्यान रखें कि सिक्योरिटी कोड का मिलान करने से सामने वाले व्यक्ति की असली पहचान की पुष्टि नहीं होती। इसलिए पैसे भेजने या निजी जानकारी शेयर करने से पहले उसकी पहचान अलग से जरूर जांचें।
टू-स्टेप वेरिफिकेशन जरूर चालू करें
अपने WhatsApp अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन फीचर चालू करना एक अच्छा तरीका है। इस फीचर में आपको छह अंकों का एक PIN सेट करना होता है। जब भी कोई आपके फोन नंबर को नए डिवाइस पर WhatsApp के साथ रजिस्टर करने की कोशिश करता है, तो इस PIN की जरूरत पड़ सकती है।
इससे आपके अकाउंट को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है, भले ही किसी ठग को आपका SMS वेरिफिकेशन कोड मिल जाए। इसलिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें और अपना PIN किसी के साथ शेयर न करें।
इन संकेतों से पहचानें ऑनलाइन ठगी
WhatsApp के सेफ्टी फीचर्स के साथ-साथ आपको खुद भी कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। अगर किसी मैसेज में ये बातें नजर आएं, तो सावधान हो जाएं:
कोई व्यक्ति बैंक अधिकारी या सरकारी कर्मचारी बनकर आपकी निजी जानकारी मांगे।
कोई व्यक्ति अचानक पैसे, गिफ्ट कार्ड या बैंक ट्रांसफर करने के लिए कहे।
कोई दोस्त या रिश्तेदार नया नंबर बताकर तुरंत पैसे मांगे।
किसी अनजान नंबर से संदिग्ध लिंक या फाइल भेजी जाए।
कोई आपसे OTP, पासवर्ड या वेरिफिकेशन कोड मांगे।
कोई मैसेज आपको डराकर या जल्दबाजी में फैसला लेने के लिए मजबूर करे।










































